नूंह में साइबर फ्रॉड और नशे के खिलाफ अभियान तेज: जज बोले- नशे की लत बढ़ा रही अपराध, जागरूकता ही बचाव का रास्ता – Nuh News




नूंह के जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-चेयरमैन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण डॉ. सुशील कुमार गर्ग ने कहा कि समाज में बढ़ते साइबर फ्रॉड, नशाखोरी, दहेज प्रथा और अन्य सामाजिक अपराधों पर प्रभावी रोक लगाने के लिए व्यापक जनजागरूकता आवश्यक है। डॉ. गर्ग ने जानकारी दी कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) द्वारा स्कूलों, कॉलेजों और विभिन्न संस्थानों में लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नेहा गुप्ता के नेतृत्व में विद्यार्थियों और आमजन को साइबर अपराध, नशे तथा सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इस क्रम में जिले के कई शिक्षण संस्थानों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। नशे की लत से अपराधों को बढ़ावा न्यायाधीश गर्ग ने बताया कि नशे की लत अपराधों को बढ़ावा देती है। नशा करने वाले व्यक्ति अक्सर अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए चोरी, छीना-झपटी जैसी आपराधिक गतिविधियों में लिप्त हो जाते हैं। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि नूंह जिले में नशे के मामले अन्य सीमावर्ती क्षेत्रों की तुलना में कम हैं, फिर भी प्रशासन इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए लगातार अभियान चला रहा है। डॉ. गर्ग ने कहा कि जिला प्रशासन, पुलिस विभाग और न्यायालय संयुक्त रूप से बैठकें और कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को जागरूक कर रहे हैं। जेल परिसर में भी कैदियों और विचाराधीन कैदियों के बीच साइबर अपराध और नशे के दुष्परिणामों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। साइबर अपराध को बड़ी चुनौती बताया उन्होंने साइबर अपराध को वर्तमान समय की एक बड़ी चुनौती बताया। डॉ. गर्ग के अनुसार, कई मामलों में कम शिक्षित लोग भी साइबर ठगी में शामिल पाए गए हैं। उन्होंने जोर दिया कि इन अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए समाज, मीडिया और प्रशासन को मिलकर लोगों को जागरूक करना होगा। डॉ. गर्ग ने दहेज प्रथा को एक गंभीर सामाजिक कुरीति करार दिया और कहा कि इसके खिलाफ समाज के हर वर्ग को एकजुट होकर आवाज उठानी चाहिए। उन्होंने इस दिशा में मीडिया, सामाजिक संगठनों और शिक्षण संस्थानों की भूमिका को बेहद महत्वपूर्ण बताया। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सह-सचिव रही शामिल इस अवसर पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट-सह-सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नेहा गुप्ता भी उपस्थित थी। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी जागरूकता कार्यक्रमों को और अधिक व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा, ताकि समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सके।



Source link