फलोदी जिले में ‘हरियालो राजस्थान’ अभियान के तहत इस वर्ष 12 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में जिला कलेक्टर अंकित कुमार सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में कलेक्टर ने अधिकारियों को वर्षा ऋतु शुरू होने से पहले पौधारोपण से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि उनके संरक्षण और सतत निगरानी को भी सुनिश्चित करना है। कलेक्टर ने विभागवार पौधारोपण के लक्ष्य तय करते हुए संबंधित अधिकारियों को स्थान चिन्हित करने, गड्ढे खुदवाने, उपयुक्त पौधों के चयन और पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पौधों के संरक्षण के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया। वन विभाग की चार पौधशालाओं में उपलब्ध हैं पौधे बैठक के दौरान शिव प्रकाश विश्नोई ने जानकारी दी कि जिले में पौधों की सुगम उपलब्धता के लिए वन विभाग की चार पौधशालाओं में पर्याप्त संख्या में पौधे उपलब्ध हैं। उन्होंने बताया कि विभिन्न विभागों को जरूरत के अनुसार पौधे उपलब्ध कराए जाएंगे। फेंसिंग और निगरानी पर विशेष जोर जिला कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पौधारोपण के बाद पौधों की सुरक्षा के लिए फेंसिंग, नियमित संधारण, निगरानी और पानी जैसी व्यवस्थाएं प्राथमिकता से सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने वृक्षारोपण प्रभारियों को प्रत्येक चार माह में पौधों की ग्रोथ और विकास की फोटो ‘हरियालो राजस्थान’ ऐप पर अपलोड करने के निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान की भी हुई समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान के तहत चल रहे कार्यों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अशोक गोयल से विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी ली और लंबित कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में वन विभाग, जलदाय विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
Source link