नूंह में SDM ने पकड़ी बिना नंबर की स्कूल बस: ड्राइवर के पास लाइसेंस भी नहीं मिला; बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ – Nuh News



स्कूल बस की जांच करते फिरोजपुर SDM लक्ष्मी नारायण।

नूंह जिले के फिरोजपुर झिरका उपमंडल में बच्चों की सुरक्षा को लेकर हैरान कर देने वाली लापरवाही सामने आई है। गांव माहौली के पास शुक्रवार को एसडीएम लक्ष्मी नारायण ने औचक कार्रवाई करते हुए APEX MODEL SCHOOL की एक स्कूल बस को रुकवाकर जांच की।

.

जांच में बस बिना नंबर प्लेट के चल रही थी, ड्राइवर के पास लाइसेंस नहीं था, कंडक्टर अंडर एज दिखाई दिया और जरूरी दस्तावेज भी मौजूद नहीं थे। स्कूल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

ड्राइवर-कंडक्टर दोनों के पास लाइसेंस नहीं मिला

एसडीएम लक्ष्मी नारायण ने बताया कि स्कूल बस बिना नंबर प्लेट के खुलेआम सड़कों पर दौड़ रही थी। सबसे बड़ा खुलासा तब हुआ जब बस चला रहे ड्राइवर से लाइसेंस मांगा गया, लेकिन वह मौके पर ड्राइविंग लाइसेंस तक पेश नहीं कर सका। यानी बच्चों से भरी बस को बगैर वैध लाइसेंस के सड़क पर दौड़ाया जा रहा था। यही नहीं, बस में मौजूद परिचालक भी कंडक्टर लाइसेंस और पहचान पत्र दिखाने में नाकाम रहा।

कंडक्टर अंडर एज दिखाख् नहीं पहनी थी वर्दी

निरीक्षण के दौरान चालक और परिचालक दोनों बिना वर्दी के पाए गए। अधिकारियों के अनुसार बस में मौजूद कंडक्टर बाहरी रूप से अंडर एज दिखाई दिया, जिससे मामला और भी गंभीर हो गया। सवाल उठ रहे हैं कि आखिर बच्चों की सुरक्षा की जिम्मेदारी किन लोगों के हाथों में सौंप दी गई थी। अगर रास्ते में कोई बड़ा हादसा हो जाता तो उसकी जिम्मेदारी कौन लेता।

रजिस्ट्रेशन, फिटनेस और परमिट भी नहीं मिले

जांच के दौरान बस के रजिस्ट्रेशन, फिटनेस, परमिट और अन्य जरूरी दस्तावेज भी मौके पर उपलब्ध नहीं कराए जा सके। बस में सुरक्षा मानकों से जुड़ी कई अन्य खामियां भी सामने आईं। प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि यह मामला केवल लापरवाही नहीं बल्कि बच्चों की जिंदगी के साथ सीधा खिलवाड़ है।

स्कूल संचालक से मांगेंगे जवाब

एसडीएम लक्ष्मी नारायण ने पूरे मामले पर सख्त रुख अपनाते हुए स्कूल संचालक से लिखित जवाब तलब करने की बात कही है। प्रशासन अब क्षेत्र में चल रही अन्य निजी स्कूल बसों की भी जांच की तैयारी में जुट गया है। इस कार्रवाई के बाद इलाके के स्कूल संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है।



Source link