पुलिस की सरप्राइज चेकिंग..100 से ज्यादा वारंटी हिरासत में: नॉर्थ जोन के अफसरों ने बदमाशों की लगाई क्लास, लेट नाइट घर में दबिश देकर हिरासत में लिया – Raipur News




रायपुर में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं के बाद पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ा एक्शन लिया है। रायपुर कमिश्नरेट के नॉर्थ जोन में देर रात सरप्राइज चेकिंग अभियान चलाकर 100 से ज्यादा वारंटियों, बदमाशों और संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है। इस कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मच गया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, शहर में हाल के दिनों में चाकूबाजी, हत्या और लूट जैसी वारदातों में बढ़ोतरी देखी जा रही थी। इसी को देखते हुए नॉर्थ जोन के अफसरों ने देर रात अचानक चेकिंग अभियान शुरू किया। टीमों ने गुढ़ियारी, भारत माता चौक, रामनगर और आसपास के इलाकों में गली-मोहल्लों तक पहुंचकर बदमाशों की तलाश की। फरार वारंटियों को हिरासत में लिया गया अभियान के दौरान पुलिस ने फरार वारंटियों के घरों में दबिश दी और कई आरोपियों को मौके से ही हिरासत में लिया। कुछ बदमाश भागने की कोशिश करते नजर आए, लेकिन पुलिस की मुस्तैदी के आगे उनकी एक नहीं चली। अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान अचानक शुरू किया गया, ताकि अपराधियों को संभलने का मौका न मिले। पुलिस ने सिर्फ वारंटियों को ही नहीं, बल्कि संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। इस दौरान कई पुराने मामलों में फरार आरोपी भी पकड़ में आए हैं। पुलिस का कहना है कि आगे भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे, ताकि शहर में कानून-व्यवस्था मजबूत बनी रहे। अफसरों ने साफ किया कि अपराध करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। देर रात घर-घर पहुंचकर अफसरों ने अपराधियों को सुधरने की नसीहत दी है।



Source link