लुधियाना में ATM कार्ड बदलकर ठगी,VIDEO: महिला के सवा लाख रुपए उड़ाए, बूट और कपड़े खरीदे, CCTV में कैद वारदात – Ludhiana News


PNB बैंक चीमा चौक नजदीक एटीएम में नौसरबाज महिला का डेबिट कार्ड बदलता हुआ सीसीटीवी में कैद।

लुधियाना के चीमा चौक के पास पीएनबी बैंक के एटीएम में एक महिला नौसरबाजों का शिकार हो गई। ठगों ने चालाकी से एटीएम कार्ड बदलकर महिला के खाते से करीब सवा लाख रुपए निकाल लिए। कई जगहों से नौसरबाजों ने कपड़े और बूट खरीद कर शापिंग भी की।

.

उन दुकानों में भी ठगों के चेहरे सीसीटीवी में कैद हो गए। दुकान पर जब कपड़े और बूट खरीद रहे थे नौसरबाज तो वहां भी वह एटीएम का पासवर्ड भूल रहे थे। खरीददारी करने के बाद आपस में इन ठगों में सामान खरीदने के बंटवारे को लेकर भी बहसबाजी हुई।

4 दिन पहले एटीएम पर गई थी पैसे निकलवाने पीड़ित पूजा ने बताया कि वह शेरपुर की रहने वाली है। चार दिन पहले एटीएम से पैसे निकालने गई थी। उस समय एटीएम के अंदर दो युवक पहले से मौजूद थे, जबकि उनका एक साथी बाहर एक्टिवा पर बैठा हुआ था। जैसे ही उसने मशीन में कार्ड डाला, एक युवक ने कहा कि मशीन खराब है और दूसरी मशीन से पैसे निकालने को कहा।

पूजा ने बताया कि वह उनकी हरकतों से घबरा गई थी। उसने दूसरी मशीन में कार्ड डाला तो पीछे खड़े युवक ने उसका पिन देख लिया। इसी दौरान आरोपियों ने बहाने से उसका कार्ड हाथ में लेकर बदल दिया। महिला को इसका पता नहीं चला और वह वहां से चली गई।

नौसरबाज दुकान पर कपड़ों की खरीददारी करता हुआ।

अलग-अलग जगहों पर की खरीददारी आरोपियों ने अलग-अलग जगहों पर खरीदारी और कैश निकासी कर ली। किदवई नगर स्थित पिंडी प्लाजा के सामने कपड़ों की दुकान पर करीब 20 हजार रुपए का भुगतान किया गया। इसके अलावा डिवीजन नंबर 3 चौक के पास जूतों की दुकान से खरीदारी की गई और जनता नगर के एटीएम से कई बार 10-10 हजार रुपए निकाले गए। कुल मिलाकर करीब 1.25 लाख रुपए की ठगी की गई।

घर खरीदने के लिए पैसे थे जोड़े

पीड़िता ने बताया कि उसने यह रकम घर खरीदने के लिए जमा की थी और वह साफ-सफाई का काम करती है। घटना के बाद उसने जनकपुरी पुलिस चौकी और थाना डिवीजन नंबर 2 में शिकायत दर्ज करवाई, लेकिन अभी तक आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

पुलिस चौकी से 700 मीटर पर हुई वारदात

घटना एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। जिस स्थान पर यह वारदात हुई, वहां से जनकपुरी पुलिस चौकी की दूरी करीब 700 मीटर है। थाना डिवीजन नंबर 2 के एसएचओ जसवीर सिंह ने कहा कि महिला की शिकायत के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



Source link