चाईबासा में सड़क हादसे में किसान की मौत: टमाटर बेचकर लौट रहे थे घर, पीछे से आई तेज रफ्तार बाइक ने मारी टक्कर – Chaibasa (West Singhbhum) News




पश्चिमी सिंहभूम जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसे में 55 वर्षीय किसान घनश्याम सिंह कुंटिया की मौत हो गई। यह हादसा भूता गांव के टोला डांगौरपी के पास उस समय हुआ, जब वे चाईबासा बाजार से टमाटर बेचकर अपने घर लौट रहे थे। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। तेज रफ्तार बाइक ने मारी टक्कर परिजनों के अनुसार, घनश्याम सिंह कुंटिया बाजार से टमाटर बेचकर साइकिल धकेलते हुए एक युवती के साथ पैदल घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। बाइक पर दो युवक और एक युवती सवार थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि घनश्याम सिंह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें टोटो के माध्यम से तत्काल सदर अस्पताल चाईबासा पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया सदर अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद घनश्याम सिंह कुंटिया को मृत घोषित कर दिया। इस हादसे में मोटरसाइकिल सवार एक युवक के चेहरे पर भी चोट आई है, हालांकि उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। मृतक एक मेहनती किसान थे, जो खेती-बाड़ी के साथ-साथ टमाटर बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में चार बेटियां और एक बेटा है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।



Source link