जींद के उचाना क्षेत्र के गांव घोघड़ियां में कुछ युवकों ने एक ई-रिक्शा चालक से मारपीट कर 95 हजार रुपए छीन लिए। जिसके बाद आरोपी फरार हो गए। उचाना थाना पुलिस ने एक युवक को नामजद करते हुए कई अन्य के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। घोघड़ियां गांव निवासी 45 वर्षीय सतपाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह ई-रिक्शा से किरयाना की दुकान का सामान सप्लाई करता है। 22 अप्रैल की दोपहर वह करसिंधू की तरफ से घोघड़ियां लौट रहा था। जब वह गांव के जलघर के पास पहुंचा, तो पीछे से तीन बाइक सवार युवकों ने उसकी ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। बुरी तरह से मारा-पीटा, हुआ बेहोश सतपाल के रिक्शा रोककर देखने पर तीनों युवकों ने उसे थप्पड़, मुक्कों और लोहे की वस्तु से मारना शुरू कर दिया। तभी दो अन्य युवक दूसरी बाइक पर आ गए और पांचों ने मिलकर सतपाल के साथ बुरी तरह मारपीट की, जिससे वह बेहोश हो गया। आसपास मौजूद महिलाओं और अन्य लोगों ने उसे हमलावरों से बचाया। मारपीट के बाद पांचों आरोपी अपनी बाइकों पर सवार होकर फरार हो गए। सतपाल ने बताया कि वह हमलावरों में से एक राहुल को पहचानता है। उसने आरोप लगाया कि उसकी ई-रिक्शा के गल्ले से 95 हजार रुपए भी गायब मिले। परिजन बोले- पुलिस शिकायत पर नहीं कर रही कार्रवाई पीड़ित सतपाल और उसके परिवार के सदस्यों ने मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, उन्हें तुरंत गिरफ्तार किया जाए और लूटी गई 95 हजार रुपए की राशि बरामद की जाए। सतपाल के भाई दर्शन और सत्यवान ने आरोप लगाया है कि उनकी शिकायत पर निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की जा रही है और जानबूझकर आरोपियों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती है, तो वे पहले एसपी कुलदीप सिंह से मिलेंगे और उसके बाद डीजीपी व मुख्यमंत्री से भी शिकायत करेंगे।
Source link