टोंक में बादल घिरे, तापमान गिरने से सर्दी बढ़ी: बीसलपुर बांध से लगातार 130वें दिन पानी निकासी, 140 टीएमसी से ज्यादा बहा – Tonk News


लगातार दूसरे दिन रविवार को भी बादल छाए।

टोंक जिले में रविवार को भी बादल छाए रहे और हल्की सर्दी महसूस हुई। दूसरी ओर, बीसलपुर बांध का एक गेट लगातार 130वें दिन खुला है, जिससे अब तक 140 टीएमसी से ज्यादा पानी बनास नदी में छोड़ा जा चुका है।

.

लगातार दूसरे दिन छाए रहे बादल

टोंक जिले में रविवार को कई जगह सुबह से ही बादल छाए रहे। शुरुआती घंटों में हल्का कोहरा भी नजर आया, हालांकि सूरज निकलने के बाद कोहरा गायब हो गया। बादलों और धूप की लुकाछिपी पूरे दिन बनी रही। मौसम विभाग के अनुसार बादल छाए रहने से बूंदाबांदी या हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है।

तापमान में गिरावट, सर्दी का असर कम

मौसम में बदलाव के कारण शनिवार से ही तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। रविवार को भी गलन पहले की तुलना में कम महसूस हुई। बादलों के कारण हवा की गति भी धीमी रही, जिससे लोगों को ठंड का ज्यादा अहसास नहीं हुआ। अधिकतम तापमान लगभग 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

बीसलपुर बांध का गेट 130वें दिन भी खुला

बीसलपुर बांध के गेट रविवार को 130वें दिन भी खुले रहे। पिछले 12 दिनों से बनास नदी में पानी की निकासी स्थिर स्तर पर जारी है। गेट नंबर 11 को 0.10 मीटर खोलकर प्रति सेकंड 601 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। इस सीजन में बांध से अब तक 140 टीएमसी से ज्यादा पानी निकाला जा चुका है।

बीसलपुर बांध से पानी निकासी अभी भी जारी है।

अब तक तीन बार से ज्यादा भरने लायक पानी बह चुका

रिपोर्ट के अनुसार बहाया गया पानी इतना है कि बांध तीन बार से अधिक भर सकता था। बारिश न होने के बावजूद बांध में धीरे-धीरे पानी की आवक जारी है। इसी वजह से गेट अभी भी खोला हुआ है और कुछ दिन और खुला रहने की संभावना है।

24 जुलाई से जारी है निकासी प्रक्रिया

इस सीजन में बांध का गेट पहली बार 24 जुलाई को खोला गया था। अब जब बारिश रुक चुकी है, तब भी ऊपरी क्षेत्रों से धीमी आवक होने के कारण पानी निकासी जारी है।

अधिकारियों ने बताया-भराव क्षमता पर है बांध

बीसलपुर बांध परियोजना के XEN मनीष बंसल और AEN दिनेश बैरवा ने बताया कि बांध अभी भी अपनी पूर्ण भराव क्षमता 315.50 आरएल मीटर तक भरा हुआ है। आने वाली आवक के अनुसार निकासी को बढ़ाया या घटाया जाएगा।



Source link