जयपुर में एक प्राइवेट कंपनी के मैनेजर को हनीट्रैप में फंसाकर 1.50 करोड़ रुपए ठग लिए गए। मैनेजर फ्रेंडशिप एप के जरिए पायलट होने का दावा करने वाली युवती के संपर्क में आया था।
.
आरोप है कि युवती शादी का झांसा देकर उससे 3 साल तक रुपए लेती रही। जब उसने पैसे वापस मांगे तो रेप केस में फंसाने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने लगी।
परेशान होकर पीड़ित मैनेजर ने गुरुवार को चित्रकूट नगर थाने में युवती और गैंग के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई।
सबसे पहले जानिए- क्या है मामला?
FIR के अनुसार अजमेर रोड निवासी 36 साल का युवक हनी ट्रैप का शिकार हुआ। साल 2020 में उसने एक फ्रेंडशिप एप्लिकेशन डाउनलोड की थी।
ऐप में उसकी जानकारी कैप्टन सीमा, निवासी हरियाणा (बदला हुआ नाम) के रूप में दी गई थी। ऐप के जरिए बातचीत होने पर सीमा ने खुद को एयरलाइंस में पायलट बताया।
उसने अपने रिश्तेदार नहीं होने और खुद को अकेला और डिप्रेशन में होने की बात कही।
ठगी का शिकार युवक आरोपी लड़की को ढूंढने के लिए गुरुग्राम भी गया, लेकिन उसके बारे में कोई जानकारी नहीं मिली। फोटो: AI जनरेटेड।
युवक को बातों में फंसाकर ली जानकारी
FIR के मुताबिक, धीरे-धीरे मोबाइल कॉल और चैटिंग के जरिए दोनों के बीच बातचीत होने लगी। इस दौरान सीमा ने उसके और उसके परिवार के बारे में पूरी जानकारी हासिल कर ली।
सोशल मीडिया साइट पर पायलट के रूप में सीमा की विभिन्न पोज में तस्वीरें भी लगी हुई थीं। बातचीत के जरिए धीरे-धीरे उसने उसे प्यार के जाल में फंसा लिया। साल 2021 में उसने शादी का प्रस्ताव रखा।
गुरुग्राम में नया फ्लैट खरीदने का झांसा
सीमा ने उसे आश्वस्त किया कि वे दोनों मिलकर एक नया जीवन शुरू करेंगे। उसने बताया कि गुरुग्राम में इंजीनियरिंग की डिग्री वालों के लिए कई अच्छे पैकेज वाली नौकरियां हैं।
उसने कहा- वे दोनों एक नया फ्लैट खरीदकर अपना जीवन खुशी से बिताएंगे। उसने कहा कि उनके सामने पूरी जवानी है और अगर अभी आनंद नहीं लिया तो कब लेंगे।
उसने यह भी कहा कि उसके माता-पिता को उसका छोटा भाई संभाल लेगा और गुरुग्राम शिफ्ट होने के बाद वे दोनों भी कभी-कभार उनसे मिलने आया करेंगे।

पीड़ित का आरोप है कि युवती ने अलग-अलग बहाने बनाकर उससे रुपए लिए। फिर गैंग के साथ मिलकर धमकाने लगी। फोटो: AI जनेरेटेड।
बहाने बनाकर ऐंठने लगी रुपए
FIR के मुताबिक, शादी के झांसे में लेकर वह लगातार उसे फंसाती रही। रोमांटिक बातों में उलझाकर और अपनी जरूरतों का हवाला देकर उसने रुपए ऐंठना शुरू कर दिया।
बीमार होने और परेशानी में होने की बात कहकर इमोशनल ब्लैकमेल करने लगी। साल 2023 तक उसने करीब 60 लाख रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर करवाकर ऐंठ लिए।
पैसे वापस मांगे तो कॉल रिसीव करना बंद
जल्द शादी करने की बात कहकर वह रुपए ऐंठती रही। उसने बताया कि ईडी ने उसका बैंक अकाउंट सीज कर दिया है। उसने यह भी बताया कि उसके बैंक अकाउंट में 1.92 करोड़ रुपए जमा हैं।
अकाउंट को अनफ्रीज कराने के लिए बैंक में कुछ पेनल्टी की रकम जमा करवानी जरूरी है। इस तरह झूठ बोलकर और फर्जी दस्तावेज दिखाकर उसने ऑनलाइन करीब 80 लाख रुपए ले लिए।
अगस्त 2024 तक उसने करीब 1.50 करोड़ रुपए धोखे से ऐंठ लिए। जब उसने रुपए वापस करने को कहा, तो उसने कॉल और चैट पर जवाब देना बंद कर दिया।

बैंक अकाउंट फेक, एड्रेस भी गलत
पीड़ित ने शिकायत में बताया कि ऐप पर बताए गए सीमा के एड्रेस का पता करने पर वह फर्जी निकला। सीमा ने बातचीत में गुरुग्राम का जो एड्रेस बताया था, वहां पर भी कोई मकान नहीं मिला।
बैंक अकाउंट के बारे में जानकारी करने पर पता चला कि सीमा के नाम से कोई खाता ही नहीं है, और वह एक बोगस और अनआइडेंटिफाइड अकाउंट है।
फर्जी गवर्नमेंट ऑफ इंडिया, डायरेक्टोरेट ऑफ इन्फोर्समेंट के लेटर के जरिए 28 अगस्त 2024 तक गिरफ्तार किए जाने की धमकी देकर बार-बार रुपयों की मांग की गई। रुपए नहीं देने पर देख लेने की धमकी दी गई।
ऑनलाइन ठगी करने वाले लोगों ने हनी ट्रैप करके ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। सुसाइड करने और रेप के झूठे केस में फंसाने की धमकी दी गई।
ब्लैकमेलिंग के टॉर्चर से परेशान होकर पीड़ित ने ऑनलाइन फ्रॉड गैंग के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई।




