धौलपुर जिले के सैंपऊ थाना क्षेत्र के गढ़ी लज्जा गांव में 33 केवी विद्युत लाइन में हुई स्पार्किंग से आग लग गई। इस घटना में विद्युत लाइन के नीचे रखा ग्रामीणों का ईंधन और पशु चारा जलकर राख हो गया। ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए आग पर काबू पाया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार हके सिंह, बनवारी, गीतम और बिज्जों सहित कई ग्रामीणों का ईंधन पूरी तरह जल गया। आग की चपेट में आने से पशुओं का चारा भी नष्ट हो गया, जिससे ग्रामीणों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। ग्रामीणों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए थ्री फेस लाइन चालू की और पानी की मोटर चलाकर आग बुझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पा लिया। समय रहते आग बुझा लेने से किसी बड़े नुकसान या हादसे को टाला जा सका। ग्रामीण छोटू राम शर्मा ने बताया कि आग लगने से ईंधन और पशु चारे का काफी नुकसान हुआ है। इस घटना के बाद ग्रामीणों में बिजली निगम के प्रति नाराजगी देखी जा रही है।
Source link