भिवानी पुलिस ने पकड़े 31.25 लाख ठगी के 2 आरोपी: CBI अधिकारी बनकर बुजुर्ग को 17 घंटे रखा डिजिटल अरेस्ट – Bhiwani News




भिवानी के साइबर क्राइम थाना पुलिस ने CBI अधिकारी बनकर वृद्ध व्यक्ति को 17 घंटे डिजिटल अरेस्ट रखकर 31 लाख 25 हजार की ऑनलाइन धोखाधड़ी करने के मामले में 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने आरोपियों से 55000 रुप नकद व दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। डीसी कॉलोनी भिवानी निवासी एक व्यक्ति ने थाना साइबर क्राइम भिवानी में शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि 9 जून 2025 को उनके मोबाइल नंबर पर एक अज्ञात नंबर से फोन आया। फोन करने वाले व्यक्ति ने स्वयं को सीबीआई अधिकारी बताया। आरोपी ने शिकायतकर्ता को कहा कि उनके आधार कार्ड पर एक सिम जारी हुई है, जिसका इस्तेमाल आपराधिक गतिविधियों में किया गया है तथा उस नंबर के संबंध में कई मुकदमे दर्ज हैं। वाट्सअप की वीडियो कॉल से फर्जी पेशी करवाकर 31.25 लाख ट्रांसफर करवाए
आरोपियों ने शिकायतकर्ता को एक व्हाट्सएप नंबर उपलब्ध करवाया तथा कहा कि अगले दिन वीडियो कॉल के माध्यम से पूछताछ की जाएगी। अगले दिन आरोपियों ने व्हाट्सएप वीडियो कॉल के जरिए शिकायतकर्ता से उनके बैंक खातों, एफडी तथा परिवार के सदस्यों के बारे में जानकारी हासिल की। 10 जून 2025 को आरोपियों ने शिकायतकर्ता की व्हाट्सएप वीडियो कॉल के माध्यम से फर्जी पेशी करवाई। जिसमें एक फर्जी सीबीआई अधिकारी व एक फर्जी जज को बैठाया गया था। पूछताछ के बाद आरोपियों ने शिकायतकर्ता को डराकर उनकी एफडी तुड़वाकर बताए गए बैंक खाते में आरटीजीएस के माध्यम से 31 लाख 25 हजार ट्रांसफर करवा लिए। शाम को जब शिकायतकर्ता के परिजन घर पहुंचे तो शिकायतकर्ता ने पूरी घटना के बारे में बताया। इसके बाद परिजनों को एहसास हुआ कि उनके साथ साइबर धोखाधड़ी हुई है। शिकायत पर थाना साइबर क्राइम भिवानी में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। 2 आरोपियों से 55 हजार कैश व 2 मोबाइल बरामद
थाना साइबर क्राइम भिवानी के सहायक उप निरीक्षक विजय कुमार की टीम ने आरोपी सैयद रेहान को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के लखनऊ निवासी दुबग्गा कॉलोनी फरीदीपुर रिंग रोड निवासी सैयद रेहान पुत्र सैयद अरशद के रूप में हुई थी। पुलिस टीम ने आरोपी को न्यायालय में पेश करके 6 दिन के पुलिस रिमांड पर हासिल किया। रिमांड अवधि के दौरान आरोपी से 35000 नकद तथा एक मोबाइल फोन बरामद किया था। पुलिस टीम ने एक अन्य आरोपी उत्तर प्रदेश के लखनऊ की राजा विहार कॉलोनी निवासी मोहम्मद सलमान पुत्र मोहम्मद रईस को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने आरोपी से 20000 नकद तथा एक मोबाइल फोन बरामद किया है। पहले गिरफ्तार आरोपियों से 6.58 लाख रुपए बरामद
इससे पूर्व इस केस में पुलिस टीम द्वारा मुख्य आरोपी सोहेल सहित 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस टीम ने गिरफ्तार किए गए आरोपियों से 6 लाख 58 हजार 640 नकद, 8 मोबाइल फोन, 17 सिम कार्ड, 4 एटीएम कार्ड, चेक बुक, पासबुक तथा एक बैंक की किट बरामद कर चुकी है। आरोपियों रेहान व मोहम्मद सलमान को पेश न्यायालय किया गया, जहां से न्यायालय द्वारा दोनों आरोपियों को जिला कारागार भेजने के आदेश दिए गए हैं। वहीं पुलिस टीम द्वारा अभियोग में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास लगातार जारी हैं।



Source link