बिलासपुर के पचपेड़ी परिक्षेत्र में भालू दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे पचपेड़ी और ध्रुवाकारी के बीच नहर किनारे टहल रहे लोगों की नजर अचानक भालू पर पड़ी। भालू को देखते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने सतर्कता बरतते हुए उसे गांव की ओर आने से रोकने का प्रयास किया, जिसके बाद भालू केवंतरा और सुकुलकारी होते हुए भरारी जंगल की दिशा में चला गया। घटना की सूचना तुरंत वन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम सक्रिय हो गई और इलाके में भालू की तलाश शुरू कर दी गई है। भालू की तलाश में जुटा वन विभाग डिप्टी रेंजर बघेल ने बताया कि पचपेड़ी परिक्षेत्र में जंगली भालू देखे जाने की सूचना मिली है। विभाग की टीम लगातार सर्च अभियान चला रही है। भालू का पता चलते ही रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया जाएगा और उसे सुरक्षित तरीके से पकड़कर जंगल क्षेत्र में छोड़ा जाएगा। ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह वन विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की है। खासकर खेतों में काम करने वाले किसानों और सुबह-शाम बाहर निकलने वाले लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। विभाग ने कहा है कि किसी भी स्थिति में भालू के करीब जाने या उसे उकसाने का प्रयास न करें और तुरंत वन अमले को सूचना दें।
Source link