रायपुर में युवक पर तलवार-कड़े-चाकू से हमला…VIDEO: सिर, माथे और हाथ में आई चोट, पुलिस पर युवक पर लगाया मामूली कार्रवाई करने का आरोप – Raipur News




राजधानी के तेलीबांधा थाना क्षेत्र में मंगलवार देर शाम पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर तलवार, कड़े और चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया। इस हमले में युवक के सिर, माथे और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घायल युवक को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस के अनुसार, बोरियाखुर्द निवासी अरशद किसी काम से काशीराम नगर आया हुआ था। बताया जा रहा है कि उसका काशीराम नगर निवासी बलजीत और उसके साथियों से पहले से विवाद चल रहा था। इसी पुराने विवाद के चलते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। तीन युवकों पर मारपीट का आरोप पीड़ित अरशद ने बताया, कि विवाद के दौरान आरोपी बलजीत, बॉबी, लक्की चंद्राकर और अन्य साथियों ने मिलकर अरशद पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। आरोपियों ने तलवार, कड़े और चाकू से वार किए, जिससे अरशद गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही तेलीबांधा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को ममता हॉस्पिटल भिजवाया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर आरोपियों की पहचान कर ली है और उनकी तलाश में टीम जुटा दी गई है। आरोपियों को जल्द किया जाएगा गिरफ्तार: निरीक्षक इधर, पीड़ित पक्ष ने पुलिस पर मामूली कार्रवाई का आरोप लगाया है और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। थाना प्रभारी अजय झा ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल रहा।



Source link