जोधपुर में भीड़ में चोरी करते पांच बदमाश गिरफ्तार: सोशल मीडिया से जानकारी लेकर वारदात करती थी गैंग; पुलिस ने पकड़ा – Jodhpur News




जोधपुर में लोगों को लूटने वाली गिरोह को पुलिस ने गिरफ्तार किया। जोधपुर कमिश्नरेट की बनाड़ थाना पुलिस ने गुजरात की गिरोह के पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने एनएचएआई की रिंग रोड निर्माण में अनियमितताओं के विरोध में चल रहे धरना स्थल पर भीड़ में घुसे इन आरोपियों को दबोचा और उनसे चोरी के 16 हजार रुपए बरामद किए। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त शरत कविराज और पुलिस उपायुक्त के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त वीरेंद्र सिंह व एसीपी रेंज मंडोर अनिल शर्मा के सुपरविजन में की गई। पुलिस ने गुजरात के दांता निवासी बिहारी सोहिल खान अयूब खान (23) पुत्र अयूब भाई, पालनपुर निवासी अजय (25) पुत्र अर्जुन परमार बावरी, रवि भाई (24) पुत्र सूरज भाई कोली, सलाट विशाल भाई (28) पुत्र रणछोड़ भाई सलाट और पुरुषोत्तम भाई (29) पुत्र रणछोड़दास वाडियार बावरी को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी गुजरात के बनासकांठा जिले के रहने वाले हैं। भीड़भाड़ वाले आयोजनों की रेकी कर करते थे वारदात डीसीपी (ईस्ट) मनीष कुमार चौधरी ने बताया- बनाड़ थाना क्षेत्र के जाजीवाल भाटियान के पास धरना चल रहा था। लोगों की भीड़ में गुजरात के गिरोह के सक्रिय होने की सूचना बनाड़ थानाधिकारी लेखराज सिहाग को मिली थी। साथ ही यह भी पता चला कि गैंग के बदमाश आदतन जुआरी हैं। वे अखबारों और सोशल मीडिया की खबरों से सार्वजनिक स्थानों की जानकारी जुटाते, जहां भारी भीड़ जुटती है। उसी भीड़ का फायदा उठाकर ये बदमाश जेबतराशी, चोरी, छीना-झपटी की वारदातों को अंजाम देते। सूचना के आधार पर पुलिस मुख्यालय द्वारा वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत टीम ने जाल बिछाया। बदमाशों को वारदात स्थल से पकड़ा, 16 हजार रुपए जब्त गिरोह के बारे में जानकारी मिलने पर एडीसीपी (वेस्ट) वीरेंद्र सिंह व एसीपी (मंडोर) अनिल शर्मा के निर्देशन में विशेष टीमें गठित की गईं। थानाधिकारी सिहाग की अगुवाई में पुलिस टीम ने 13 अप्रैल को थबुकडा जाजीवाल भाटियान के पास चल रहे धरना स्थल पर दबिश दी। टीम ने घेराबंदी कर गुजरात के पालनपुर क्षेत्र के रहने वाले पांच आरोपियों को पकड़ा। आरोपियों से वारदात में चोरी किए 16 हजार रुपए जब्त किए। कार्रवाई करने वाली टीम में ASI राजूराम व त्रिलोकदान, हैड कॉन्स्टेबल राजेंद्र और कॉन्स्टेबल शक्ति सिंह शामिल रहे। पुलिस अब आरोपियों से शहर में हुई अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।



Source link