शिवपुरी के करैरा में वकील की हत्या के विरोध में पूरे मध्यप्रदेश के वकील सोमवार (16 फरवरी) को काम से विरत, यानी हड़ताल पर रहेंगे। वे कोर्ट तो जाएंगे, लेकिन काम नहीं करेंगे। शिवपुरी में कोर्ट जाते समय दिनदहाड़े अधिवक्ता की हत्या से वकीलों में काफी आक्रोश है। हालांकि हत्या के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को शॉर्ट एनकाउंटर में गोली मारकर पकड़ लिया है, लेकिन इसके बाद भी आक्रोश कम नहीं हो रहा है। वकीलों की हड़ताल से ग्वालियर में हाईकोर्ट के एक हजार और सेशन कोर्ट के लगभग दो हजार केस प्रभावित होंगे। ग्वालियर अंचल के शिवपुरी जिले के करैरा में दो दिन पहले सुबह कोर्ट के लिए निकले एडवोकेट संजय सक्सेना की बदमाशों ने दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस हत्याकांड से पूरे मध्यप्रदेश में सनसनी फैल गई थी। कोर्ट जाते समय वकील की हत्या से मध्यप्रदेश के सभी कोर्ट के वकील आक्रोशित हैं। इस पर तत्काल स्टेट बार एसोसिएशन, बार एसोसिएशन और कोर्ट से जुड़े अन्य कर्मचारी संगठनों ने बैठक कर इस घटना का कड़ा विरोध जताने का निर्णय लिया। इसी क्रम में सोमवार, 16 फरवरी को मध्यप्रदेश के सभी कोर्ट में वकील काम नहीं करेंगे। वकीलों ने अपनी हड़ताल को “कार्य से विरत” नाम दिया है। सीधे शब्दों में कहें तो वकील कोर्ट परिसर पहुंचेंगे, लेकिन काम नहीं करेंगे। एक दिन में हाईकोर्ट और सेशन कोर्ट में तीन हजार केस प्रभावित होंगे बताया जा रहा है कि हाईकोर्ट की ग्वालियर खंडपीठ और जिला एवं सत्र न्यायालय में वकीलों की हड़ताल से लगभग 3 हजार केस प्रभावित होंगे। पक्षकार कोर्ट पहुंचेंगे, लेकिन वकील उनके केस में पैरवी नहीं करेंगे। इससे कई लोग प्रभावित होंगे। वकील कोर्ट परिसर के बाहर सांकेतिक प्रदर्शन भी कर सकते हैं। जमीन विवाद में सुपारी देकर कराई गई हत्या शिवपुरी के करैरा निवासी एडवोकेट संजय सक्सेना की दो दिन पहले दिनदहाड़े बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। हत्या करैरा में उस समय की गई, जब वकील संजय सक्सेना कोर्ट जाने के लिए घर से निकले थे। वकील ने कोर्ट जल्दी पहुंचने के लिए शॉर्टकट लिया था, लेकिन उनकी रेकी हो रही थी और उसी रूट पर बदमाश घात लगाकर बैठे थे। पुलिस ने तत्काल हत्या का मामला दर्ज किया था। करैरा थाना पुलिस ने शनिवार को इस सनसनीखेज हत्याकांड में तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया। इनमें से एक आरोपी को पुलिस ने शॉर्ट एनकाउंटर में पकड़ लिया। पता चला है कि जमीन विवाद में सुपारी देकर वकील संजय सक्सेना की हत्या कराई गई थी।
Source link
- Home
- मध्य प्रदेश
- ग्वालियर में आज वकील नहीं करेंगे काम: शिवपुरी के करैरा में एडवोकेट की हत्या के विरोध में हड़ताल, 3 हजार केस होंगे प्रभावित – Gwalior News
ग्वालियर में आज वकील नहीं करेंगे काम: शिवपुरी के करैरा में एडवोकेट की हत्या के विरोध में हड़ताल, 3 हजार केस होंगे प्रभावित – Gwalior News
- Share



