झारखंड में मौसम पिछले 24 घंटे से शुष्क:  उत्तरी हवाओं की वजह से बढ़ी ठिठुरन, 21 नवंबर तक कोहरे के साथ सताएगी ठंडी हवा – Ranchi News

झारखंड में मौसम पिछले 24 घंटे से शुष्क: उत्तरी हवाओं की वजह से बढ़ी ठिठुरन, 21 नवंबर तक कोहरे के साथ सताएगी ठंडी हवा – Ranchi News


झारखंड में पिछले 24 घंटों से मौसम पूरी तरह शुष्क बना हुआ है। राज्य के पश्चिमी और मध्य हिस्सों में उत्तरी हवाओं का असर गहराने लगा है, जिससे सुबह और रात की ठंड में तेज बढ़ोतरी दर्ज की गई।

.

मौसम केंद्र रांची के अनुसार, राज्य में कोई बड़ा मौसम तंत्र सक्रिय नहीं है, लेकिन निचले वायुमंडल में उत्तरी से उत्तर-पूर्वी दिशाओं में हवा बह रही है।

इसका असर रात के तापमान पर साफ दिखाई दिया। अधिकतम तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं हुआ और यह सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस के उतार-चढ़ाव के बीच बना हुआ है।

झारखंड के ग्रामीण इलाकों में अहले सुबह घना कुहासा देखने को मिल रहा।

चाईबासा में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रांची में यह 23.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से लगभग 3.5 डिग्री सेल्सियस कम है।

बीते 24 घंटे में चतरा सबसे ठंडा जिला

रात के तापमान में गिरावट ज्यादा प्रभावी रही। कई जिलों में पारा सामान्य से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक नीचे चला गया। चतरा राज्य का सबसे ठंडा जिला बना, जहां न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

रांची में न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस, बोकारो में 10.5 डिग्री सेल्सियस और गिरिडीह में 11.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार कुछ स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से -5 डिग्री सेल्सियस तक नीचे गया है। नमी में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिला।

21 नवंबर तक मौसम रहेगा शुष्क

मौसम विभाग ने 21 नवंबर तक पूरे राज्य में हल्के से मध्यम कोहरे की संभावना जताई है। सुबह धुंध छाएगी, लेकिन दिन में आसमान साफ रहेगा।

इन दिनों अधिकतम तापमान 26-27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। जबकि न्यूनतम तापमान 11-13 डिग्री सेल्सियस तक नीचे जा सकता है।

इससे रात और सुबह की ठंड और बढ़ेगी। रांची, बोकारो, गुमला, लोहरदगा और धनबाद सहित मध्य झारखंड में कोहरा और ठंडी हवाएं जारी रहेंगी।

दक्षिणी और उत्तर-पश्चिमी झारखंड के पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला, चतरा, हजारीबाग, कोडरमा में भी इसी तरह की स्थिति बनी रहेगी।

अगले पांच दिनों में कई जिलों में बढ़ेगी ठंड

तापमान पूर्वानुमान के अनुसार, राज्य के कई जिलों में रात का पारा लगातार गिरता रहेगा। देवघर, धनबाद, दुमका, गोड्डा और साहिबगंज में दिन का तापमान 29-31 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान 14-18 डिग्री सेल्सियस रहेगा।

कोडरमा, चतरा, गढ़वा, लातेहार और पलामू में न्यूनतम तापमान 9-13 डिग्री सेल्सियस तक नीचे जा सकता है। रांची, खूंटी, हजारीबाग और गुमला में दिन का तापमान 25-27 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान 8-14 डिग्री सेल्सियस रहेगा। 23 नवंबर को हल्के बादल छा सकते हैं, हालांकि बारिश की संभावना नहीं है।



Source link

विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)

Related Post

आज का मौषम
Live Cricket
आज का राशिफल
लाइव शेयर मार्केट