उदयपुर में मोहनलाल सुखाड़िया यूनिवर्सिटी के नवनियुक्त कुलगुरु प्रो. कैलाश डागा ने गुरुवार को पदभार ग्रहण किया। इस दौरान उनके माता-पिता भी मौजूद रहे और उन्हें आशीर्वाद दिया। प्रो. डागा पूरे परिवार के साथ यूनिवर्सिटी पहुंचे। इस दौरान यूनिवर्सिटी स्टाफ ने उनका स्वागत किया। प्रोफेसर डागा के साथ उनकी मां सोहनी देवी, पिता रामधन डागा, पत्नी संध्या और पुत्र डॉ. रूद्राक्ष डागा भी थे। इस मौके पर प्रो. डागा ने कहा कि यूनिवर्सिटी की प्रतिष्ठा बनाए रखना उनकी पहली प्राथमिकता है। यूनिवर्सिटी में अब नीतियों के आधार पर काम होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि विश्वविद्यालय परिवार, विद्यार्थियों, शिक्षकों और मेवाड़ के लोगों के सहयोग से वे इस जिम्मेदारी को अच्छे तरीके से निभाएंगे। इससे पहले सुखाड़िया यूनिवर्सिटी में 2 कुलगुरु के विवाद के सवाल पर प्रो. डागा ने कहा कि वे किसी भी परिस्थिति में कुलगुरु की सीट को हॉट सीट नहीं मानते हैं। अतीत में क्या हुआ, उससे ज्यादा जरूरी यह है कि आगे की दिशा साफ हो और विश्वविद्यालय बेहतर तरीके से आगे बढ़े। उन्होंने कहा कि वे पूरे विश्वास के साथ कार्यभार संभाल रहे हैं। जब भी यहां से विदा होंगे तो अपने साथ अच्छा अनुभव लेकर जाएंगे और ऐसा काम करने की कोशिश करेंगे जिससे सभी का भरोसा जीत सकें।परिवार का साथ और माता-पिता का आशीर्वाद उन्हें नई जिम्मेदारी को बेहतर तरीके से निभाने की प्रेरणा देता है।
Source link