रांची के जेएससीए स्टेडियम में आज भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच वनडे मुकाबला खेला जाएगा। मैच दोपहर 1:30 बजे शुरू होगा, जबकि दोनों टीमें दोपहर 12 बजे तक स्टेडियम पहुंच जाएंगी।
.
दर्शकों के लिए एंट्री सुबह 11:30 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक तय की गई है। मौसम विभाग ने बताया है कि सुबह कोहरा रहेगा और दिन में बादल छाए रहेंगे।
हालांकि बारिश की कोई संभावना नहीं है। न्यूनतम तापमान 13 डिग्री के आसपास रहने की उम्मीद है। बादलों की मौजूदगी के बावजूद स्टेडियम में रन बरसने के आसार हैं। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार ओस मैच की दिशा तय कर सकती है। दूसरी पारी में बल्लेबाजों को थोड़ी मुश्किल झेलनी पड़ सकती है।
तीन साल बाद वनडे से शहर में बढ़ा रोमांच
मुकाबले को लेकर पूरे रांची शहर को अलर्ट मोड में रखा गया है। खिलाड़ियों और दर्शकों की सुरक्षा में चार हजार से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। तीन साल बाद यहां वनडे हो रहा है, जिससे दर्शकों में उत्साह चरम पर है। सभी टिकट दो दिन में ही बिक चुके हैं।
रविवार सुबह से ही स्टेडियम की ओर जाने वाले मार्गों पर भीड़ बढ़ने की संभावना को देखते हुए यातायात में बदलाव किया गया है।
सुबह छह बजे से रात दस बजे तक बड़े वाहनों का प्रवेश बंद कर दिया गया है। पुलिस और प्रशासन ने अतिरिक्त जवानों को भीड़ नियंत्रित करने और ट्रैफिक सुचारु रखने के लिए लगाया है।

जेएससीए की पिच बल्लेबाजों के अनुकूल
अब तक इस मैदान पर छह वनडे खेले गए हैं, जिनमें भारत ने तीन बार चेज करते हुए जीत हासिल की है। दो मुकाबलों में टीम इंडिया हार गई और एक मैच रद्द रहा। क्रिकेट कोच चंचल भट्टाचार्य के अनुसार यहां की पिच स्वाभाविक रूप से धीमी रहती है और मध्य ओवरों में स्पिनरों को मदद मिलती है।
शुरुआती ओवरों में हल्की सीम मूवमेंट देखने को मिलती है, पर जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ता है, पिच बल्लेबाजी के लिए बेहतर होती जाती है। नवंबर में होने वाले मैचों में ओस की भूमिका अहम होती है।
भारी ओस गिरने से गेंदबाजों को ग्रिप करने में दिक्कत आती है, जबकि बल्लेबाजों के लिए स्ट्रोक-प्ले आसान हो जाता है। ऐसे में टॉस इस मुकाबले का टोन सेट कर सकता है।
खाने-पीने से लेकर पार्किंग तक की व्यवस्था चौकस
स्टेडियम के भीतर खाने-पीने के लिए हर विंग में स्टॉल लगाए गए हैं। दर्शक एक बार एंट्री करने के बाद बाहर नहीं जा सकेंगे और दोबारा प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। पार्किंग के लिए 10 स्थान तय किए गए हैं।
जिनमें सखुआ बागान, धुर्वा गोलचक्कर मैदान, डीएवी स्कूल मैदान, नेहरू स्टेडियम, मियां मार्केट, संत थॉमस स्कूल के पास, प्रभात तारा मैदान, शहीद मैदान और हेलीपैड मैदान शामिल हैं। दर्शकों से टिकट पर अंकित गेट से ही प्रवेश लेने की अपील की गई है। नवजात शिशु के लिए भी अलग टिकट लगेगा।

जानें प्रतिबंधित सामानों की सूची
स्टेडियम में कई सामानों को ले जाने पर प्रतिबंध लगाया गया है। इनमें कांच और प्लास्टिक की बोतलें, सिगरेट, माचिस, ज्वलनशील पदार्थ, धातु के कंटेनर, हथियार, हेलमेट, खाना, शराब, डीएसएलआर कैमरा, वीडियो रिकॉर्डर और तंबाकू उत्पाद शामिल हैं।
प्रशासन ने अपील की है कि दर्शक सुरक्षा नियमों का पालन करें ताकि मैच का आनंद बिना किसी बाधा के उठाया जा सके। रांची में यह सातवां वनडे होगा और दर्शकों की भारी भीड़ के बीच एक रोमांचक मुकाबले की उम्मीद है।