रामगढ़ थाना क्षेत्र स्थित पंचवटी अपार्टमेंट में चोरों ने लगातार दूसरे दिन चोरी की बड़ी घटना को अंजाम दिया है। इस बार सी ब्लॉक के फ्लैट नंबर 104 को चोरों ने निशाना बनाया है। यह फ्लैट बिहार फाउंड्री के महाप्रबंधक (जीएम) सिंधु राज सिंह का है।
.
बताया जा रहा है कि सिंधु राज सिंह इन दिनों उज्जैन गए हुए हैं। उनका फ्लैट बंद था। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने फ्लैट में सेंधमारी की। घटना की जानकारी उस समय सामने आई, जब पड़ोसियों ने फ्लैट का मुख्य गेट आधा खुला देखा और नजदीक जाने पर ताले को टूटा पाया।
अलमारियां टूटी, पुलिस ने शुरू की जांच
पड़ोसियों ने जब फ्लैट के अंदर झांककर देखा तो वहां अलमारियां टूटी हुई मिलीं और सामान बिखरा पड़ा था। इससे साफ हो गया कि फ्लैट में चोरी हुई है। इसके बाद तुरंत रामगढ़ थाना पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और फ्लैट का निरीक्षण किया।
पुलिस ने पूरे फ्लैट की बारीकी से जांच की और आसपास के लोगों से पूछताछ भी की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। साथ ही साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाने की प्रक्रिया शुरू की गई है, ताकि चोरों तक पहुंचा जा सके।
एक ही ब्लॉक में दूसरी बड़ी चोरी से दहशत
लगातार दूसरे दिन हुई चोरी की घटना से पंचवटी अपार्टमेंट के निवासियों में दहशत का माहौल है। खास बात यह है कि इससे एक दिन पहले इसी अपार्टमेंट के सी ब्लॉक में पंजाब नेशनल बैंक के कर्मी मनीष कुमार के फ्लैट से करीब 20 लाख रुपए की चोरी हुई थी। एक ही ब्लॉक और संभवतः एक ही फ्लोर पर दो बड़ी चोरी की घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
अपार्टमेंट के लोगों का कहना है कि जिस फ्लोर पर घटनाएं हुई हैं, वहां का सीसीटीवी कैमरा काफी समय से खराब है, जिसका फायदा चोर उठा रहे होंगे। फिलहाल फ्लैट नंबर 104 से कितनी संपत्ति चोरी हुई है, इसका सही आकलन सिंधु राज सिंह के वापस लौटने के बाद ही हो पाएगा। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
——————————————————–
इसे भी पढ़ें
रामगढ़ में बैंक मैनेजर के फ्लैट में चोरी:सबसे सुरक्षित अपार्टमेंट के तीसरे फ्लोर में चोरी, 40 हजार नकद और 20 लाख के जेवर ले उड़े
रामगढ़ शहर के सुरक्षित माने जाने वाले पंचवटी अपार्टमेंट में बड़ी चोरी की घटना सामने आई है। चोरों ने अपार्टमेंट के तीसरे फ्लोर पर एक बंद फ्लैट का दरवाजा तोड़कर 40 हजार रुपए नकद और करीब 20 लाख रुपए मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया।
यह घटना रामगढ़ थाना क्षेत्र की है। पीड़ित फ्लैट मालिक पंजाब नेशनल बैंक, गिद्दी शाखा के मैनेजर मनीष कुमार हैं। उनका फ्लैट पंचवटी अपार्टमेंट फेज-वन के सी ब्लॉक के तीसरे तल्ले पर है। घटना उस वक्त हुई जब मनीष कुमार घर पर मौजूद नहीं थे। पूरी खबर यहां पढ़ें…



