राजधानी रांची समेत पूरे झारखंड में अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क बना रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के पूर्वानुमान के अनुसार, 11 नवंबर तक सुबह में कोहरा या धुंध छाने और उसके बाद आसमान मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है। इस दौरान मौसम शुष्क बना रहेग
.
मौसम विभाग ने बताया है कि राज्य में अगले 2 से 3 दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। इसके बाद के दो दिनों में इसमें कोई बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
रांची के मौसम में जारी रहेगा उतार चढ़ाव
रांची और आसपास के क्षेत्रों के लिए जारी विशेष पूर्वानुमान के मुताबिक, 11 नवंबर तक अधिकतम और न्यूनतम तापमान में आंशिक उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा। आज अधिकतम तापमान 26°C और न्यूनतम तापमान 13°C रह सकता है।
इसके बाद 9 नवंबर को अधिकतम तापमान 26°C और न्यूनतम तापमान 11°C तक गिर सकता है। 10 और 11 नवंबर को भी अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 25°C और 11°C के आसपास बने रहने की संभावना है। यानी, राजधानी के लोगों को सुबह में हल्की ठंड और दिन में सुहावने मौसम का अनुभव होगा।
उत्तरी और उत्तर-पश्चिमी हवाओं की वजह से ठंड
झारखंड में मौसम पिछले 24 घंटे से शुष्क बना हुआ है। उत्तरी और उत्तर-पश्चिमी हवाओं की वजह से सुबह और रात में ठंडक बढ़ने लगी है, जबकि दिन में हल्की गर्मी महसूस की जा रही है। मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार राज्य में किसी बड़े वेदर सिस्टम का प्रभाव नहीं है, इसलिए अगले 24 घंटे तक मौसम सामान्य रहेगा।
राज्य में पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक तापमान 32.9 डिग्री सेल्सियस पाकुड़ में दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस गुमला में रिकॉर्ड किया गया। इसके साथ ही सुबह और रात की ठंड बढ़ने के संकेत साफ दिखने लगे हैं। रांची, जमशेदपुर, बोकारो, दुमका समेत कई जगह तापमान में मामूली गिरावट देखी गई।
न्यूनतम तापमान में गिरावट का असर
न्यूनतम तापमान भी सामान्य दायरे में है, लेकिन कुछ स्थानों पर यह सामान्य से नीचे या ऊपर देखने को मिला। गुमला, जमशेदपुर और दुमका जैसे स्थानों पर रात की ठंड बढ़ती दिख रही है। मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में रात और सुबह का पारा और नीचे जा सकता है। वहीं राज्य में पिछले 24 घंटे में कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई।
मौसम विभाग ने साफ कहा है कि फिलहाल झारखंड में वर्षा की कोई संभावना नहीं है। नमी का स्तर भी सामान्य स्थिति में बना हुआ है। राज्य में फिलहाल मौसम के स्थिर रहने के संकेत हैं। हवा की दिशा और गति में हल्के बदलाव के बीच नवंबर की ठंड धीरे-धीरे दस्तक दे रही है।
उत्तर और मध्य झारखंड में तेजी से बढ़ेगा ठंड
पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के लगभग सभी जिलों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री की कमी दर्ज की जाएगी। उत्तर और मध्य झारखंड में यह गिरावट ज्यादा तेज दिखेगी, जबकि दक्षिणी जिलों में हल्की ठंड बढ़ने के संकेत हैं।
देवघर, दुमका, गोड्डा और पाकुड़ जैसे जिलों में अधिकतम तापमान 31-32 डिग्री से घटकर 27-29 डिग्री तक पहुंच जाएगा। न्यूनतम तापमान भी 18 डिग्री से गिरकर 13 से 15 डिग्री तक आ जाएगा, जिससे सुबह के समय ठंडक महसूस होगी। जमशेदपुर, धनबाद और गिरिडीह में भी इसी तरह की गिरावट दर्ज होने के आसार हैं।
मध्य झारखंड में बढ़ेगी सर्द हवा का असर
रांची, हजारीबाग, बोकारो और रामगढ़ में दिन का तापमान 27 से घटकर 25-26 डिग्री के आसपास रहेगा, जबकि रात का पारा 11 से 13 डिग्री तक पहुंच सकता है। इससे सुबह और देर शाम ठंड का असर और बढ़ेगा। ग्रामीण इलाकों में कुहासा छाने की संभावना भी जताई गई है। सिंहभूम और सरायकेला में अधिकतम तापमान 31-32 डिग्री से गिरकर 28-29 डिग्री तक आएगा, जबकि न्यूनतम तापमान 12-13 डिग्री रहेगा।



