हिमालय और उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों में जारी बर्फबारी का सीधा असर झारखंड के मौसम पर दिखने लगा है। राज्य में ठंड अचानक बढ़ गई है। रात के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। दिन में भी धूप होने के बावजूद सर्द हवा की वजह से कनकनी बनी हुई है।
.
पिछले 24 घंटों के दौरान नौ जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है। इनमें खूंटी सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 7 डिग्री रहा। लगातार तीन दिनों से खूंटी का तापमान 8 डिग्री के आसपास बना हुआ है। मौसम में आए इस बदलाव ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। रात में हल्की सिहरन के साथ सुबह भी ठंड तेजी से महसूस हो रही है।
कई जिलों में पारा 10 डिग्री से नीचे, रांची में बढ़ी ठंड
राज्य में ठंड का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है। रांची, खूंटी, लातेहार, लोहरदगा, सिमडेगा और हजारीबाग सहित कई जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है। राजधानी रांची का न्यूनतम तापमान पिछले 24 घंटों में एक डिग्री और गिरकर 9.4 डिग्री पर पहुंच गया, जो सामान्य से चार डिग्री कम है। पश्चिमी झारखंड के पलामू, गढ़वा और लातेहार में ठंड का असर और अधिक दिख रहा है।
सिमडेगा, मेदिनीनगर, हजारीबाग और अन्य जिलों में भी पारा 10 डिग्री से नीचे रहा। वहीं, राज्य में सबसे अधिक न्यूनतम तापमान गोड्डा में 14 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। पारा तेजी से गिरने के कारण लोगों ने रात में अलाव का सहारा लेना शुरू कर दिया है। सुबह के समय हल्की धुंध भी देखने को मिल रही है, जिससे मौसम और सर्द महसूस हो रहा है।
16 के बाद मिल सकती है राहत
मौसम विभाग ने आने वाले दो दिनों तक झारखंड के लगभग एक दर्जन जिलों में शीतलहर चलने की संभावना जताई है। रांची, खूंटी, गढ़वा, पलामू, चतरा, गुमला, लातेहार, लोहरदगा, सिमडेगा, हजारीबाग और रामगढ़ में 15 और 16 नवंबर को शीतलहर की स्थिति बन सकती है। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, अगले दो दिनों तक उत्तरी दिशा से आने वाली ठंडी हवाओं में कोई बदलाव नहीं होगा, जिससे न्यूनतम तापमान और गिर सकता है।
राजधानी रांची में पारा 9 डिग्री के करीब रहने का अनुमान है। हालांकि, 16 नवंबर के बाद मौसम में हल्का बदलाव आने और ठंड से कुछ राहत मिलने की संभावना है। सोमवार से राज्य में न्यूनतम तापमान में वृद्धि दर्ज की जा सकती है। फिलहाल, मौसम विभाग की चेतावनी के साथ लोगों को सुबह-शाम विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
बर्फीली हवाओं की वजह से बढ़ी ठंड
हिमालय और पहाड़ी क्षेत्रों में हुई बर्फबारी की वजह से वहां का तापमान गिर रहा है। वहां से आने वाली बर्फीली हवा से झारखंड में भी तापमान गिर रहा है। इस वजह से राज्य के अधिकतर जिलों में न्यूनतम तापमान में गिरावट आ रही है। ठंडी हवा का सितम अगले कुछ दिनों तक दिखेगा।



