घाट तो हो गए चकाचक, लेकिन सड़कें बहुत खराब; गड्ढे और गंदे पानी से होकर घाट तक जाएंगे छठ व्रती व श्रद्धालु – Ranchi News

घाट तो हो गए चकाचक, लेकिन सड़कें बहुत खराब; गड्ढे और गंदे पानी से होकर घाट तक जाएंगे छठ व्रती व श्रद्धालु – Ranchi News


आस्था के महापर्व छठ का पहला अर्घ्य 27 अक्टूबर को दिया जाएगा। छठ पूजा की तैयारी जिला प्रशासन एवं छठ पूजा समितियों द्वारा की जा रही है। तालाबों के घाट तो पूरी तरह चकाचक हो गए हैं। मगर शहर के प्रमुख छठ घाटों तक जाने के रास्ते बहुत खस्ता हाल हैं। कुछ सड़क

.

लेकिन प्रशासन की उदासीनता के कारण अंतत: छठ व्रतधारी उबड़-खाबड़ रास्ते पर गड्ढों और गिट्टी के बीच से होकर छठ घाट तक जाने को विवश होंगे। छठ में अधिकतर लोग नंगे पांव ही घाट तक जाते हैं। ऐसे में छठ व्रतधारियों एवं श्रद्धालुओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे ही कुछ छठ घाट जाने वाले मार्गों का दैनिक भास्कर रिपोर्टर ने जायजा लिया, स्थिति गंभीर नजर आई।

शहर के छह प्रमुख घाटों तक जाने वाली सड़कों पर कहीं बड़े-बड़े गड्ढे हैं तो कहीं नाली का पानी सड़क पर बह रहा है। तालाब घाट तक पहुंचने के​लिए छठ व्रतियों को उसके बीच से ही गुजरना होगा। आयोजन समिति के लोगों का कहना है कि जिस तरह से तालाबों की सफाई युद्ध स्तर पर कराई गई, उसी तरह शनिवार से पहले सड़कों को भी दुरुस्त कर दिया जाए। नगर निगम के अधिकारी चाहें तो ऐसा किया जा सकता है। इससे श्रद्धालुओं को बहुत सुविधा होगी।

शहर के छह प्रमुख छठ घाटों तक जाने वाली सड़कों की स्थिति बता रही पूरे शहर का हाल…

सरोवर नगर : सड़क खराब, नाले का पानी बहता है

कांके डैम स्थित सरोवर नगर घाट शहर के प्रमुख घाटों में एक है। इस घाट पर देवी मंडप रोड, नायक टोली एवं आसपास के छठ व्रती आते हैं। मगर देवी मंडप रोड नायक टोली से सरोवर नगर घाट तक की सड़क की स्थिति बहुत खराब है।

परेशानी क्या : कई जगह गड्ढे हैं, सड़क उबड़-खाबड़ हो गई है। छठ व्रतधारियों एवं श्रद्धालुओं को बहुत दिक्कत होगी।

रिम्स तालाब : कोकर से आने वाली सड़क खराब

रिम्स तालाब शहर के प्रमुख छठ घाटों में से एक है। यहां पर हजारों की संख्या में छठ व्रती और श्रद्धालु पहुंचते हैं। मगर इस घाट तक जाने वाली सड़क पर भी कई गड्ढे हैं। कोकर की ओर से आने वाली सड़क पर कई जगह नाली का गंदा पानी बहता रहता है।

परेशानी क्या : कोकर की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं और छठ व्रतधारियों को आने-जाने में दिक्कत होगी।

अरगोड़ा तालाब : सड़क पर बारिश में जलजमाव

अरगोड़ा क्षेत्र के लोगों के लिए अरगोड़ा तालाब अहम है। जहां पर भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। वैसे तो यह सड़क पीसीसी है। सड़क ठीक-ठाक है। मगर भाजपा ऑफिस से आगे टर्निंग जहां से पुराना अरगोड़ा चौक जाता है, उसी रोड में तालाब स्थित है। इसी चौराहा में कई गढ़े हैं।

परेशानी क्या : गड्ढों में पानी भरे होने से छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को आने-जाने में दिक्कतें हो सकती हैं।

पोटोपोटो नदी घाट : बोड़ेया रोड हो गई जर्जर

बोड़ेया स्थित पोटोपोटो नदी घाट भी शहर के प्रमुख छठ घाटों में से एक है। इस घाट पर पूरे मोरहाबादी, चिरौंदी और बोड़ेया के छठ व्रतधारी जाते हैं। मगर इस घाट तक जाने वाली प्रमुख बोड़ेया- चिरौंदी रोड पूरी तरह खराब है। कई जगह गड्ढे हैं।

परेशानी क्या : सड़क उबड़-खाबड़ है। इससे छठ व्रतधारियों और आम श्रद्धालुओं को बहुत दिक्कत होगी।

बड़ा तालाब : नाली का पानी सड़क पर बह रहा

बड़ा तालाब के चारों ओर की सड़क तो बना दी गई है। इस तालाब में मुख्यत: दो घाट हैं, जहां पर अर्घ्य दिया जाता है। एक लेक रोड के समीप और दूसरा औघड़ बाबा आश्रम के निकट। औघड़ बाबा आश्रम के पास नाला निर्माणाधीन है। तालाब तक जाने वाली एक और सड़क गाड़ीखाना चौक से तालाब तक की हालत भी खराब है।

परेशानी क्या : छठ से पहले बारिश होने की संभावना है। अगर बारिश हुई तो गंदे नाले के पानी रोड पर ही बहेगा।

मधुकम तालाब : सड़क पर गड्ढे, गिट्टी फैली है

शहर के एक प्रमुख छठ घाटों में से एक है मधुकम तालाब। जहां पर 50 हजार से अधिक लोग संग्राम चौक, कुम्हार टोली, कैलाश नगर, मधुकम, न्यू मधुकम, महुआ टोली और पहाड़ी टोला के छठ व्रतधारी पहुंचते हैं। मगर संग्राम चौक से लेकर मधुकम तालाब पहुंचने तक कम से कम 200 से अधिक गड्ढे हैं।

परेशानी क्या: सड़क पर पैदल चलना भी दुष्कर है। दुर्गा पूजा के पहले डस्ट डाल गड्ढों को भरा गया था, बारिश में वे धुल गए।



Source link

विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)

Related Post

आज का मौषम
Live Cricket
आज का राशिफल
लाइव शेयर मार्केट