भोजपुर जिले में सड़क मरम्मत कार्य को लेकर कोईलवर-धंडीहा-चांदी मुख्य मार्ग पर भारी मालवाहक वाहनों के आवागमन पर अस्थायी रोक लगाई गई है। इस संबंध में जिला प्रशासन की ओर से सार्वजनिक सूचना जारी की गई है।
.
जारी सूचना के अनुसार पथ निर्माण विभाग की ओर से मार्ग के रख-रखाव और मरम्मत का कार्य कराया जाना है, जिसके पहले चरण में कोईलवर अब्दुलबारी सिद्दकी लोहा पुल से लेकर चांदी चौक तक सड़क की मरम्मत की जाएगी।
कार्य की गुणवत्ता और मरम्मत के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से 8 जनवरी से 14 तक सुबह 09:00 बजे से शाम 05:00 बजे तक भारी मालवाहक वाहनों के परिचालन पर प्रतिबंध लगाया गया है। इस प्रतिबंध में बालू लोडिंग के लिए आने वाले खाले ट्रक और अन्य भारी वाहन भी शामिल रहेंगे।
DM ने जारी किया आदेश
एंबुलेंस और आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को जाने की अनुमति
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रतिबंधित अवधि के दौरान केवल एंबुलेंस, दमकल वाहन और आवश्यक सेवाओं से जुड़े छोटे वाहनों को प्राथमिकता के आधार पर आवागमन की अनुमति दी जाएगी। आम यात्रियों और मालवाहक वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे इस अवधि में वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
साथ ही जिला प्रशासन ने सभी वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने का आग्रह किया है। संबंधित थानाध्यक्ष और पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) को निर्देश दिया गया है कि वे इस आदेश का सख्ती से अनुपालन करें और मार्ग पर किसी भी तरह की अव्यवस्था उत्पन्न न होने दें।
यातायात डीएसपी मनोज कुमार सुधांशु ने बताया कि मरम्मत कार्य पूर्ण होते ही मार्ग को पुनः सभी प्रकार के वाहनों के लिए सामान्य रूप से खोल दिया जाएगा। इस अस्थायी प्रतिबंध से आमजन को होने वाली असुविधा के लिए प्रशासन ने सहयोग की अपील की है और कहा है कि यह कदम सड़क की बेहतर स्थिति और भविष्य में सुरक्षित यात्रा को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है।



