धार जिले में भीषण गर्मी का असर लगातार तेज होता जा रहा है। मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। तीन दिन पहले जिले के कई क्षेत्रों में तेज आंधी, गरज-चमक और हल्की बारिश से लोगों को राहत मिली थी, लेकिन अब एक बार फिर मौसम ने करवट बदल ली है और गर्मी ने अपना असर बढ़ा दिया है। दोपहर में 43 डिग्री तक पहुंच रहा तापमान पिछले दो दिनों से जिले में सुबह का तापमान करीब 31 डिग्री सेल्सियस बना हुआ है, जबकि दोपहर होते-होते पारा 42 से 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। दोपहर के समय सड़कें सूनी नजर आ रही हैं और लोग केवल जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। बाजारों में भीड़ कम, कामकाज पर असर भीषण गर्मी के कारण बाजारों में दोपहर के समय भीड़ कम दिखाई दे रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में खेतों पर काम करने वाले किसानों और मजदूरों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। लगातार बढ़ती गर्मी और उमस को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। डॉक्टरों की अपील धूप में न निकलें डॉक्टरों ने भी दोपहर के समय धूप में निकलने से बचने, अधिक पानी पीने और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की अपील की है। गर्मी के बढ़ते प्रकोप के बीच जिले में ठंडे पेय पदार्थ, गन्ने का रस, लस्सी और आइसक्रीम की मांग बढ़ गई है। वहीं बिजली की खपत में भी लगातार वृद्धि देखी जा रही है। धार जिले में मौसम के लगातार बदलते मिजाज ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। आने वाले दिनों में भीषण गर्मी से राहत मिलने की फिलहाल कोई संभावना नजर नहीं आ रही है।
Source link