करनाल में ढाकवाला के पास बुधवार देर रात काम से बाइक पर घर लौट रहे पिता-पुत्र सड़क हादसे का शिकार हो गए। धुंध काफी ज्यादा होने के कारण ढाकवाला गांव के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया गया। युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि घायल पिता का उपचार निजी अस्पताल में चल रहा है। हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान नगला मेघा निवासी 18 वर्षीय सावन पुत्र पपला के रूप में हुई है। सावन मुस्तफाबाद के पास रेत की खदानों में स्थित एक ढाबे पर काम करता था, जहां वह खाना बनाने का काम करता था। मकर संक्रांति के त्योहार के चलते वह अपना काम खत्म कर पिता पपला के साथ बाइक पर घर लौट रहा था। ढाकवाला गांव के पास हुआ हादसा बताया गया कि, रात के समय क्षेत्र में धुंध काफी ज्यादा थी। इसी दौरान ढाकवाला गांव के पास उनकी बाइक को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि सावन को गंभीर चोटें आईं और वह मौके पर ही अचेत हो गया, जबकि उसके पिता भी घायल हो गए। साथ काम करने वाले अरविंद ने पहुंचाया अस्पताल मृतक के परिचित अरविंद ने बताया कि सावन और उसके पिता उसके पास ही काम करते थे। रात करीब 9.30 बजे हादसे की सूचना मिली। वह करीब 10 मिनट बाद मौके पर पहुंचा। अरविंद ने सावन को अपनी कार में बैठाया और करनाल के अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां इलाज के दौरान रात करीब साढ़े 11 बजे सावन की मौत हो गई। वहीं, सावन के पिता पपला को पहले ही डायल 112 की गाड़ी अस्पताल ले गई थी। वह फिलहाल एक निजी अस्पताल में भर्ती है। परिवार की स्थिति और पुलिस की कार्रवाई मृतक सावन के परिवार में दो बहनें और एक छोटा भाई है। पुलिस ने रात को ही शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए मोर्चरी हाउस भेज दिया था। सदर थाना के जांच अधिकारी पीएसआई विकास कुमार ने बताया कि हादसे में सावन की मौत हुई है और उसके पिता पपला घायल हैं। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Source link
करनाल में गाड़ी की टक्कर से बेटे की मौत: पिता गंभीर रुप से घायल, कोहरे के कारण हुआ एक्सीडेंट, काम से घर लौट रहे – Gharaunda News
- Share



