सिरसा के गांव निवासी महिला, जो सतबीर के साथ रिलेशनशिप में थी
सिरसा के नेजाडेला कलां निवासी टाइपिस्ट सतबीर प्रजापत सुसाइड मामले में कई खुलासे हुए हैं। पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आया है कि सतबीर दो महिलाओं के साथ रिलेशनशिप में था। पुलिस ने दोनों महिलाओं को जांच में शामिल किया है और दोनों से गहनता से पूछताछ
.
पुलिस के अनुसार, सिरसा सिटी निवासी एक महिला ने पुलिस को बताया है कि उसने सतबीर के साथ मंदिर में शादी कर रखी है और उसने उसकी मांग भी भरी है। इसका घरवालों का पता चल गया तो करीब तीन माह से उसका सतबीर से कोई संपर्क नहीं था। दूसरी महिला, एक गांव निवासी ने पुलिस को बताया कि वह करीब दो साल से सतबीर के संपर्क में थी। उससे अक्सर उसकी बात होती रहती थी। घटना वाले दिनभर उसकी सतबीर से बात हो रही थी।
अभी भी सतबीर की मौत पर संशय बना हुआ है, क्योंकि पोस्टमार्टम के दौरान उसके शरीर पर कहीं चोट के निशान भी नहीं मिले हैं। अब विसरा रिपोर्ट ही राज खोलेगी। डॉक्टर और पुलिस का शक भी इस पर है कि उसने क्या पिया हुआ है, वो जांच रिपोर्ट में पता चलेगा। कारण है कि सतबीर ने बाजार से स्प्रे के लिए कीटनाशक दवा ही खरीदी थी। वहीं पिया है तो सुसाइड माना जा सकता है। अगर कुछ और जहरीला पदार्थ शरीर में पाया गया तो हत्या की धाराएं भी जुड़ सकती है।
सिरसा निवासी महिला, जिसके साथ सतबीर का रिलेशनशिप था
ऐसे हुआ था सतबीर का दोनों महिलाओं से संपर्क
– पुलिस के अनुसार, सबसे पहले एक गांव निवासी 40 वर्षीय महिला से ही उसका संपर्क हुआ था। महिला के पति का करीब दो साल पहले रोड पर एक्सीडेंट हो गया था। उस दौरान सतबीर ही उसके पति को अस्पताल में लेकर गया और उसका इलाज करवाया। इसके बाद महिला का उससे संपर्क बढ़ गया और उनके घर आना-जाना भी हो गया। इससे दोनों की आपस में बातचीत होने लगी।
यह महिला अपने पति, बच्चे व मां के साथ रहती है। वह इंस्टाग्राम पर रील भी बनाती है और तीन हजार से ज्यादा उसके फोलोवर्स है। सतबीर की लंबे समय तक उसके साथ फोन पर बातचीत चलती थी। कोर्ट परिसर में काम के समय भी सतबीर उसका फोन नहीं काटता था। अगर उससे कोई मिलने या काम के लिए आता तो भी वह फोन बिना काटे टेबल की दैराज में रख देता। बाद में बात शुरू कर देता।
– पुलिस के अनुसार, दूसरी शहर निवासी 45 वर्षीय महिला करीब पांच से छह माह पहले ही किसी काम से कोर्ट में गई थी। उस दौरान उसकी मुलाकात सतबीर से हुई और उससे दस्तावेज संबंधित काम करवाया। इसके बाद दोनों ने एक-दूसरे को मोबाइल नंबर भी शेयर कर दिए और आपस में बातचीत होने लगी। महिला ने पुलिस को बताया कि उसने सतबीर से मंदिर में शादी भी की है। इसका पता घरवालों को पता चला तो एफिडिवेट भी लिखवाकर लिया कि वह उससे कभी बात नहीं करेगी। 3 माह से महिला की सतबीर से बात भी नहीं हुई थी। पुलिस ने उसकी कॉल रिकॉर्डिंग निकलवाई है।

सतबीर का फाइल फोटो, मूंछों में दिखाई देते हुए
घटना वाले दिन क्या-क्या हुआ
सदर थाना प्रभारी सुखदेव सिंह का कहना है कि घटना वाले दिन सतबीर की गांव की महिला से उसकी फोन पर लगातार बात हो रही थी। पहले तो सतबीर सिरसा बाजार में आया। उस दौरान फोन पर बातचीत में सतबीर ने महिला को बताया कि उसने शिव चौक बाजार से एक किलो जलेबी खरीदी है और जहर की शीशी ली है। महिला के यह खरीदने के पूछने पर सतबीर ने बताया कि खेत में स्प्रे करनी है।
इसके बाद सतबीर अपने घर गया और जलेबी भी लेकर गया। शाम को वह अचानक बाइक लेकर घर से चला गया। उसका आगे का पता नहीं चल पाया कि वह किससे मिला या कौन उसके साथ था। वो स्प्रे की शीशी से ही जहर पिया है या और। अब विसरा भेजा जाएगा और जल्द जांच रिपोर्ट ली जाएगी।

सिविल अस्पताल में सतबीर सुसाइड मामले में धरने के दौरान बैठे परिजन व ग्रामीण
दो बच्चों का पिता और करवाचौथ व्रत के दिन घर से निकला था सतबीर
करीब 42 वर्षीय सतबीर का एक 14 साल और दूसरा 6 साल का बेटा है। वह चार भाईयों में सबसे बड़ा था। सतबीर कोर्ट परिसर में टाइपिस्ट का काम करता था और सोशल मीडिया पर यूट्यूब चैनल चलाता था। करवाचौथ व्रत के दिन शाम को घर से निकला था। अगले दिन शाम को उसका शव सालमखेड़ा नहर के पास सड़क के पास पड़ा मिला था। परिजनों व ग्रामीणों ने दो दिन तक सिविल अस्पताल में धरना भी जारी रखा।



