बिलासपुर14 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
फाइल फोटो।
बिलासपुर में आने वाले 2 दिनों में लोगों को पीने की पानी की किल्लत हो सकती है। नगर निगम ने गर्मी से पहले शहर में जल संकट की समस्या से निपटने अमृत मिशन की पाइप लाइन में मरम्मत कराने का फैसला लिया है। इसके कारण 24 और 25 फरवरी को कम पानी की सप्लाई की जाएगी। निगम प्रशासन से समस्या से बचने के लिए पानी स्टोरेज कर रखने का सुझाव दिया है।
दरअसल, लगातार तेज ठंड के बाद अब मौसम बदलने लगा है। गर्मी का असर तेज होने के साथ ही आने वाले समय में शहरवासियों को पीने की पानी की समस्या हो सकती है। इसे ध्यान में रखते हुए निगम प्रशासन ने अमृत मिशन योजना के तहत डाले गए पाइप लाइन की मरम्मत कराने के निर्देश दिए हैं। आज अशोक नगर चौक के पास अमृत मिशन के पाइपलाइन में आवश्यक कार्य किया जाएगा।
2 दिन रहेगी पानी की किल्लत
पाइपलाइन की मरम्मत और सुधार कार्य के चलते बिरकोना स्थित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से पानी सप्लाई दो दिन बंद रहेगा, जिसकी वजह से 24 और 25 फरवरी को शाम तक शहर के सभी उच्चस्तरीय जलागार से कम मात्रा में जल प्रदाय किया जाएगा।
इस स्थिति में अशोक नगर सहित आसपास के इलाकों के साथ ही शहर के कई मोहल्लों में पानी की समस्या होगी। यही वजह है कि नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे ने लोगों को एक्स्ट्रा पानी का भंडारण करने के लिए कहा है।
रात 11 बजे से बंद कर दी जाएगी पानी की सप्लाई
अशोक नगर चौक में 1000 व्यास के जल प्रदाय पाइप में सुधार कार्य 24 फरवरी से प्रारंभ किया जाएगा। इसके लिए बिरकोना स्थित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से 23 फरवरी को रात 11 बजे से जल प्रदाय बंद कर गई है।
जिसके कारण शहर के सभी उच्चस्तरीय जलागार से 24 फरवरी से 25 फरवरी की शाम तक कम मात्रा में जल प्रदाय होगा। आवश्यकता पड़ने पर पर प्रभावित एरिया में टैंकर के माध्यम से जल प्रदाय किया जाएगा।




