बीच सड़क स्कार्पियो अड़ाकर बना रहे थे रील: छिंदवाड़ा पुलिस ने बिगाड़ दिया ‘बर्थडे प्लान’, थाने ले जाकर परिजनों को दी हिदायत – Chhindwara News




छिंदवाड़ा के इमलीखेड़ा अंडरब्रिज पर रविवार-सोमवार की दरमियानी रात बीच सड़क पर जन्मदिन मनाना और रील बनाना कुछ युवाओं को भारी पड़ गया। कोतवाली पुलिस ने सड़क पर स्कार्पियो एन खड़ी कर हुड़दंग कर रहे युवक-युवतियों पर अचानक कार्रवाई की। पुलिस सभी को उनके वाहनों समेत थाने ले गई और देर रात परिजनों को बुलाकर सख्त हिदायत देकर छोड़ा। आधी रात को कुछ युवक-युवतियां गाड़ियां लेकर इमलीखेड़ा अंडरब्रिज पहुंचे थे। यहां बीच सड़क पर स्कार्पियो और अन्य वाहन खड़े कर केक काटने व आतिशबाजी की तैयारी की जा रही थी। एक युवती सोशल मीडिया के लिए गाड़ी के सामने पोज दे रही थी, जबकि उसके दोस्त मोबाइल से वीडियो शूट कर रहे थे। पुलिस को देखते ही मची अफरा-तफरी, मुंह छिपाकर बैठी युवती
इसी दौरान कोतवाली पुलिस की टीम वहां पहुंच गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस को देखते ही रील बनवा रही युवती तुरंत अपना चेहरा छिपाकर गाड़ी में जा बैठी और अन्य युवक भी इधर-उधर होने लगे। पुलिस ने मौके पर मौजूद सभी लोगों को कड़ी फटकार लगाई और उन्हें गाड़ियों के साथ कोतवाली थाने ले गई। परिजनों को थाने बुलाकर दी गई सख्त चेतावनी
थाने ले जाने के बाद पुलिस ने रात में ही सभी युवक-युवतियों के परिजनों को वहां तलब किया। परिजनों की मौजूदगी में युवाओं को सड़क पर इस तरह का हुड़दंग न करने की सख्त चेतावनी दी गई। पुलिस की समझाइश और भविष्य में ऐसी गलती न दोहराने की हिदायत के बाद ही उन्हें घर जाने दिया गया। हादसों को न्योता देते ‘रीलबाजी’ ट्रेंड पर पुलिस की नजर
शहर में इन दिनों देर रात गाड़ियों का काफिला निकालकर सड़क पर जन्मदिन मनाने और रील बनाने का चलन तेजी से बढ़ रहा है। बीच सड़क पर वाहन खड़े कर वीडियो शूट करने से यातायात बाधित होने के साथ-साथ दुर्घटनाओं का गंभीर खतरा बना रहता है। छिंदवाड़ा पुलिस ऐसे मामलों को लेकर पूरी तरह सख्त है और लगातार कार्रवाई कर रही है।



Source link