हनुमानगढ़ में यातायात पुलिस ने सड़क सुरक्षा अभियान तेज कर दिया है। पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीणा के निर्देश पर नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में शनिवार को जंक्शन क्षेत्र के टाउन रोड स्थित घग्घर पुल पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच की गई। यातायात शाखा प्रभारी अनिल चिन्दा के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के दौरान लगभग 80 वाहन सवारों के चालान काटे गए। मुख्य उल्लंघनों में हेलमेट न पहनना, सीट बेल्ट का उपयोग न करना और तिपहिया वाहनों में क्षमता से अधिक सवारियां बैठाना शामिल थे। पुलिस ने चालान काटने के साथ ही वाहन सवारों को मौके पर ही यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश भी दी। जांच के दौरान कई दुपहिया वाहन सवार ऐसे भी मिले जिनके पास हेलमेट तो था, लेकिन वे उसे पहनने के बजाय बाइक पर टांगकर या डिग्गी में रखकर चल रहे थे। ऐसे सवारों को मौके पर ही हेलमेट पहनने के लिए कहा गया और भविष्य में इसका अनिवार्य रूप से उपयोग करने की चेतावनी दी गई। नाकाबंदी देखकर कई वाहन सवार रास्ता बदलकर भागने का प्रयास करते दिखे। इनमें से अधिकांश बिना हेलमेट के थे। इससे पहले शुक्रवार रात को भी पुलिस ने अभियान के तहत शराब के नशे में वाहन चलाते पाए जाने पर एक ट्रक सहित दो वाहनों को जब्त किया था। टीआई अनिल चिन्दा ने वाहन सवारों से अपील की कि हेलमेट दुपहिया सवारों के लिए एक सुरक्षा कवच है, जो दुर्घटना की स्थिति में सिर को गंभीर चोटों से बचाता है। उन्होंने तेज गति से वाहन न चलाने, ओवरटेक करते समय सावधानी बरतने और शराब पीकर या मोबाइल फोन पर बात करते हुए वाहन न चलाने का आग्रह किया।
Source link
हनुमानगढ़ में सड़क सुरक्षा अभियान तेज, 80 चालान कटे: घग्घर पुल पर नाकाबंदी, हेलमेट-सीट बेल्ट उल्लंघन पर कार्रवाई – Hanumangarh News
- Share



