जयपुर में 15 दिन पहले ज्वेलरी शॉप में हुई चोरी का सदर थाना पुलिस ने सोमवार दोपहर खुलासा किया है। पुलिस ने चोरी में महिला सहित पांच बदमाशों को अरेस्ट किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चुराई गई 45 लाख रुपए कीमत के गहने पिघलाकर बनाई सिल्ली बरामद कर ली है। पुलिस पूछताछ में चोरी के लिए पहले रेकी करना, फिर वारदात को अंजाम देने के लिए रेलवे स्टेशन पर अंधेरा होने तक टाइम बिताना बताया है। डीसीपी (वेस्ट) प्रशांत किरण ने बताया- चोरी मामले में आरोपी राकेश उर्फ राकला (18) निवासी महवा भावनगर गुजरात, रोशन उर्फ पावला (32) निवासी रघुवीर नगर नई दिल्ली हाल भावनगर गुजरात, उसकी पत्नी भावना उर्फ भाविका (26) निवासी भावनगर गुजरात, मनीष हलवदिया (29) निवासी पॉकेट थर्ड पश्चिमपुरी दिल्ली और मनोज उर्फ मणिया (22) निवासी भावनगर गुजरात हाल दयाबस्ती दिल्ली को अरेस्ट किया है। पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों को चिन्हिृत कर गुजरात के सिहोर से पकड़ा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई 10 किलो 470 ग्राम शुद्ध चांदी (सिल्ली फार्म) में बरामद की है। पुलिस जांच में आरोपियों के पूर्व के भी कई चोरी के मामले सामने आए है। पुलिस फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। रेकी कर वापस लौटे, वारदात करने आए
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने ज्वेलरी शॉप में चोरी के लिए पहले रेकी की थी। प्लास्टिक सामान,कपड़े, बर्तन आदि बेचने के बहाने घुम-घुमकर रेकी की। रेकी कर वह वापस गुजरात लौट गए। 15 दिन पहले ज्वेलरी शॉप में चोरी के इरादे से वापस लौटे। शाम के समय जयपुर पहुंचने पर रेलवे स्टेशन पर ही बैठकर रात होने का इंतजार किया। रात करीब 2 बजे ज्वेलरी शॉप पहुंचकर पीछे का चेनल गेट तोड़कर बैग में 45 लाख रुपए की चांदी के गहने भरकर चोरी कर ले गए।
Source link