टीकमगढ़ में बीते 24 घंटों के दौरान तेज हवा के साथ बारिश दर्ज की गई। सोमवार रात करीब 9 बजे आंधी-तूफान के साथ जोरदार बारिश शुरू हुई, जो लगभग 11 बजे तक जारी रही। सुरक्षा कारणों से इस दौरान बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई थी। मंगलवार सुबह से मौसम साफ है और धूप खिली है। भू-अभिलेख कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, पिछले 24 घंटों में टीकमगढ़ और बड़ागांव तहसीलों में लगभग 1 इंच बारिश दर्ज की गई। खरगापुर और पलेरा तहसीलों में करीब आधा इंच बारिश हुई, जबकि बल्देवगढ़, जतारा, मोहनगढ़ और लिधौरा में भी हल्की बारिश हुई। पिछले दो दिनों से चल रही हवा और बारिश के कारण दिन और रात के तापमान में उल्लेखनीय कमी आई है। शनिवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री था। रविवार को अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23.5 डिग्री दर्ज किया गया। सोमवार को अधिकतम तापमान घटकर 35.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री गिरकर 20 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 4 से 5 दिनों तक अधिकतम तापमान 40 डिग्री से नीचे रहेगा और न्यूनतम तापमान 21 से 22 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। इस दौरान लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी और बूंदाबांदी की भी संभावना है।
Source link