अंबिकापुर के मनेंद्रगढ़ रोड में संचालित इंडसइंड बैंक के कर्मचारी ने ऋण राशि की अवैध तरीके से उगाही की और पैसे बैंक के ऋण खाते में जमा भी नहीं कराया। बैंक कर्मचारी ने साढ़े सात लाख रुपये से अधिक की रकम का गबन कर लिया। मामले का खुलासा होने पर बैंक के मैनेजर ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने धोखाधड़ी का अपराध दर्ज किया है। मामला गांधीनगर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, इंडसइंड बैंक के मैनेजर अरूण कुमार सर्राफ ने गांधीनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई कि बैंक के कर्मचारी सागीर अहमद ने मार्च 2024 से जनवरी 2025 के बीच बैंक से वाहन फाइनेंस कराने वाले खाता धारकों से किश्त की राशि नगद में वसूला। सागीर अहमद ने खाता धारकों को रसीद भी नहीं दी। जांच में 7 लाख 50 हजार 390 रुपये के गबन का पता चला है। पुलिस ने दर्ज की FIR
दरअसल बैंक से फाइनेंस कराने वाले दोपहिया वाहन मालिकों को बैंक से किश्त जमा करने का नोटिस भेजा गया तो मामले का खुलासा हुआ। वाहन मालिकों ने बताया कि उन्होंने किश्त की राशि सागीर अहमद के पास नगद में जमा की है। सागीर अहमद ऋण राशि की वसूली के लिए अधिकृत नहीं हैं। उसने पैसे जमा करने वालों को बैंक की रसीद भी नहीं दी और रकम खाते में जमा भी नहीं कराई। बैंक की अंदरूनी जांच में पता चला कि सागीर अहमद ने गड़बड़ी छिपाने के लिए बैंक के जमा पर्चियों और खातों के विवरण में भी हेराफेरी कर कूटरचित दस्तावेज तैयार किया गया। वसूले गए पैसों का कर्मचारी ने गबन कर लिया है। मामले में गांधीनगर पुलिस ने धारा 316(5), 318(4) के तहत धोखाधड़ी का अपराध दर्ज किया है। मामले की जांच की जा रही है।
Source link
प्राइवेट-बैंक के कर्मचारी ने किया साढ़े सात लाख का गबन: लोन अमाउंट की नगद वसूली की, बैंक में जमा नहीं की रकम, FIR दर्ज – Ambikapur (Surguja) News
- Share



