कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव, पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट ने कहा- शिक्षा मंत्री के बयानों के कोई सिर पैर नहीं है, वे तो ऐसे ही बोलते रहते हैं। मैं उनके बारे में कुछ नहीं कहना चाहता।
.
पायलट ने बालमुकुंद आचार्य और अमीन कागजी के दरगाह की छत मामले के विवाद पर कहा- हर बात में राजनीति करना गलत है। जो सही है उसे सही तरीके से किया जाना चाहिए, कानून के हिसाब से किया जाना चाहिए। सत्ता में जो लोग हैं वह सत्ता का दुरुपयोग करें यह सही नहीं है। इस प्रकार की जो घटनाएं हो रही है वह नहीं होनी चाहिए हर व्यक्ति को अधिकार है कानून के अनुसार कार्य करने का और रहने का। किसी के कार्य में ऐसे हस्तक्षेप नहीं करना चाहिए।
मंगलवार को सचिन पायलट टोंक में राजेश पायलट की जयंती को लेकर निशुल्क दिव्यांग के उपकरण वितरण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचे थे।
बोले- मेरी जड़ें मजबूत
इस दौरान मीडिया से बातचीत में सचिन पायलट ने कहा- राजनीति जनता के दम पर होती है। ऐसे में, लोगों से दूर हो जाएंगे और सत्ता का घमंड हो जाएगा तो दूरी बन जाती है। जब दूरी बन जाती है तो जनता आपको नकार देगी, मेरी जड़ें मजबूत हैं।
डबल इंजन की सरकार ने राजस्थान को क्या दिया
पायलट ने केंद्र बजट पर कहा- उसमें देखने लायक कुछ था नही था, यहां तक कि पूरे भाषण में राजस्थान का नाम एक बार भी नहीं आया, वह भी तब, जब डबल इंजन की सरकार है। ग्रामीण विकास मंत्रालय में पहली बार 40 हजार करोड़ की कटौती की गई है। पायलट ने कहा कि पिछले बजट की घोषणाओं को पूरा नहीं किया गया है केंद्र के बजट में सिर्फ सपने दिखाए गए हैं, प्रावधान कहा है।
बजट से पहले मैंने सरकार को लिखा है
इधर, राजस्थान सरकार के बजट से उम्मीदों को लेकर सचिन पायलट ने कहा- मुझे पता नहीं क्या और कैसा बजट लेकर आएंगे। लेकिन मेरा मानना है बेरोजगारों और युवाओं को रोजगार देने के लिए कुछ होना चाहिए। सरकार ने सिर्फ चंद लोगों के लिए काम किया है। सरकार शिक्षित युवाओं के लिए कुछ नहीं कर रही है।
मैं उम्मीद करता हूं कि आगामी बजट में राज्य सरकार युवाओं को रोजगार के लिए कोई पुख्ता बात करे। मैने भी टोंक और राज्य के लिए बजट से पहले सरकार को कुछ लिखा है देखते हैं क्या होता है।
हम दिव्यांगों को जयपुर फुट लगाएंगे
सचिन पायलट ने टोंक में अग्रवाल धर्मशाला में दिव्यांगों के लिए आयोजित कैंप के बारे में कहा- राजेश पायलट की जयंती पर टोंक में दिव्यांगों के लिए यह कैंप लगाया गया है। मुझे खुशी है कि हम जयपुर फुट लगा पाएंगे, व्हील चेयर दे पाएंगे। साथ ही अन्य उपकरण दिए जाएंगे।
पिता राजेश पायलट की जयंती पर सचिन पायलट ने उनकी मूर्ति पर पुष्प अर्पित कर उन्हें याद किया।
बोले- लोग साथियों को भूल जाते हैं
सचिन पायलट ने कहा कि मेरे पिता एयरफोर्स में पायलट थे। मैंने उनसे यही सीखा कि कितना भी मुश्किल समय हो वह हमेशा मुस्कुराते रहते थे। वही मुश्किल समय के साथियों को वे कभी नहीं भूले और होना भी यही चाहिए। क्योंकि कई बार जब सत्ता या सफलता आती है तो इंसान चकाचौंध भरी जिंदगी में संघर्ष के दिनों ओर साथियों को भूल जाता है। लोग कहते है में कम मुस्कराता हूं। लेकिन स्वर्गीय पायलट साहब हमेशा मुस्कराते हुए रहते थे।
मेरे प्रति मेरी माता ज्यादा कड़क थी लेकिन पिता कड़क नहीं थे, लेकिन हमें अनुसाशन का पाठ हमेशा पढ़ाया।



