भिवानी जिले के लोहारू में जन स्वास्थ्य विभाग (PHD) ने शहर की मेन पाइपलाइन से लिए गए अवैध पानी कनेक्शनों पर कार्रवाई शुरू कर दी है। आगामी गर्मी के मौसम को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। विभाग की टीम ने सिविल अस्पताल के पीछे और सैन मंदिर के पास ऐसे अवैध कनेक्शनों को काट दिया। जन स्वास्थ्य विभाग के JE कपिल ने बताया कि मेन पाइपलाइन से अवैध कनेक्शनों के कारण नियमित पानी की सप्लाई में रूकावट आ रही थी। इससे अन्य उपभोक्ताओं को भी पानी की सप्लाई में परेशानी आ रही थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि विभाग ने जांच के बाद इन कनेक्शनों को हटाया है, ताकि गर्मी में पानी की सप्लाई सुचारू रूप से की जा सके। कनेक्शन काटने पर लोगों में रोष इस कार्रवाई को लेकर वार्ड नंबर 6 और 7 के निवासियों में रोष देखा गया। वार्ड निवासी सोनू सैन, शाहरुख नागोरी, चरण सिंह, उमरदिन, पवन ठाकुर, अंकित ठाकुर, प्रमोद और सोमबीर सहित अन्य लोगों ने बताया कि उनके घर ऊंची जगह पर बने हुए हैं। इस कारण नियमित पाइपलाइन से उनके घरों तक पानी नहीं पहुंच पाता था, इसी मजबूरी के चलते मेन लाइन से कनेक्शन लिया था, जिसे अब विभाग ने काट दिया है। बोले- जेई को भी बताया गया लोगों ने कहा कि 25 जनवरी को भी पानी की टंकी बनवाने की मांग को लेकर लिखित शिकायत दी थी, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। साथ ही उन्होंने कहा कि इस विषय में कुछ दिन पहले ही जेई को अवगत करा दिया गया था, इसके बावजूद कार्रवाई कर दी गई। विभाग पर पक्षपात करने का आरोप वार्डवासियों ने यह भी मांग की कि यदि अवैध कनेक्शन हटाए जा रहे हैं, तो सभी के हटाए जाएं और किसी के साथ पक्षपात न किया जाए। जेई कपिल ने निवासियों को आश्वासन दिया कि जिन घरों में पानी की सप्लाई में सही में दिक्कत आ रही है, उनका जल्द ही समाधान करवाया जाएगा।
Source link
लोहारू में अवैध पानी कनेक्शन काटे, लोगों में रोष: विभाग पर पक्षपात के आरोप; बोले- अब पानी कहां से लाएंगे – Loharu News
- Share



