बिलासपुर29 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में 34 ग्राम हेरोइन बरामदगी मामले में पुलिस ने पंजाब के तरनतारन जिले से मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार किया है। जांच में मिले इनपुट के आधार पर यह गिरफ्तारी की गई। आरोपी को जिस गांव से पकड़ा गया, वह भारत-पाक सीमा से महज 200 मीटर दूर है।
जांच में यह भी सामने आया है कि पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए पंजाब में नशीले पदार्थ भेजे जाते हैं। इसके बाद वहां से इन्हें अलग-अलग राज्यों में सप्लाई किया जाता है। पुलिस का मानना है कि इसी नेटवर्क के जरिए बिलासपुर तक हेरोइन पहुंचाई जा रही थी।
फिलहाल, मुख्य सप्लायर को पंजाब से ट्रांजिट रिमांड पर बिलासपुर लाया जा रहा है। यहां उससे पूछताछ की जाएगी। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में कई अहम खुलासे हो सकते हैं।
देखिए पहले ये तस्वीरें-

मुख्य सप्लायर को पंजाब से ट्रांजिट रिमांड पर बिलासपुर लाया जा रहा है।

करन दीप सिंह दूसरे राज्य से हेरोइन लाकर मोहित हिंदूजा को देता था।

आरोपियों को कब्जे से पुलिस ने मोबाइल बरामद किया था।
जानिए क्या है पूरा मामला ?
दरअसल, 1 फरवरी को चकरभाठा थाना पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। इनके पास से कुल 34 ग्राम हेरोइन जब्त की गई। गिरफ्तार आरोपियों में मोहित हिंदूजा (32), करन दीप सिंह (29) और आर. रजिंदर कुमार (35) शामिल हैं।
पूछताछ में सामने आया था कि करन दीप सिंह दूसरे राज्य से हेरोइन लाकर मोहित हिंदूजा को देता था। इसके बाद वह अपने साथी रजिंदर कुमार के साथ मिलकर हेरोइन को ऊंचे दामों पर बेचता था। तीनों को जेल भेजकर पुलिस ने जांच तेज कर दी थी।
पंजाब कनेक्शन, मुख्य सप्लायर गिरफ्तार
जांच के दौरान पुलिस को हेरोइन सप्लाई चेन का अहम सुराग मिला। इसके बाद पुलिस टीम पंजाब के तरनतारन जिले पहुंची और खेमकरण थाना क्षेत्र से मुख्य तस्कर को गिरफ्तार किया। जिसकी पहचान बाला उर्फ बलराम सिंह सनियारे (63) के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर लिया है और उसे बिलासपुर लाया जा रहा है। आरोपी को अलग से एनडीपीएस कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस टीम उसे ट्रेन के माध्यम से बिलासपुर लेकर आ रही है।
होली से पहले सख्ती, सूखे नशे पर पुलिस की नजर
बताया जा रहा है कि होली को देखते हुए इस बार खास सतर्कता बरती जा रही है। शराब और गांजा के साथ-साथ ‘सूखे नशे’ यानी हेरोइन और सिंथेटिक ड्रग्स पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
आशंका है कि त्योहार से पहले बिलासपुर में बड़ी खेप पहुंच सकती है, जिसे आयोजनों और पार्टियों में खपाने की कोशिश की जा सकती है। इसी कारण पुलिस संदिग्धों पर नजर बनाए हुए है और लगातार निगरानी. पूछताछ अभियान चला रही है।

आरोपी वाट्सऐप के माध्यम से कोड वर्ड में हेरोइन सप्लाई करते थे।
नेटवर्क तोड़ने लगातार कार्रवाई जारी- पुलिस
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि बाहरी राज्यों से जुड़े नेटवर्क को तोड़ने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। जरूरत पड़ने पर अन्य राज्यों में भी दबिश दी जाएगी और सप्लाई चेन से जुड़े लोगों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।
सिविल लाइन सीएसपी निमितेश सिंह ने बताया कि प्रारंभिक कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पंजाब से मुख्य सप्लायर की पहचान हुई। जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

……………………………
इससे जुड़ी यह खबर भी पढ़ें…
बिलासपुर में ड्रग तस्करों के खिलाफ कार्रवाई: 34 ग्राम हेरोइन के साथ तीन गिरफ्तार, तीन दिन में नशीली टैबलेट, इंजेक्शन और गांजा जब्त

तीन अंतरराज्यीय नशा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 34 ग्राम हेरोइन बरामद की गई थी।
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में पुलिस ने हेरोइन की सप्लाई करने और बेचने वाले को अरेस्ट किया है। पुलिस ने 34 ग्राम हेरोइन के साथ एजेंट समेत तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। जो पंजाब से लाकर शहर में खपा रहे थे। आरोपी वाट्सऐप के माध्यम से कोड वर्ड में हेरोइन सप्लाई करते थे। पढ़ें पूरी खबर…




