OP चौधरी ने सुशासन तिहार की समीक्षा की: जांजगीर-चांपा में अधिकारियों को आवेदनों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश – janjgir champa News




जांजगीर-चांपा जिले में प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी ने “सुशासन तिहार 2026” के प्रभावी संचालन की समीक्षा की। उन्होंने जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक ली, जिसमें जनसमस्या निवारण शिविरों की प्रगति, आवेदनों के निराकरण, विभागीय समन्वय और शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में कलेक्टर जन्मेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल और जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे। प्रभारी मंत्री ने स्पष्ट किया कि सुशासन तिहार का लक्ष्य केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि आम जनता की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करना है। मंत्री चौधरी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविरों में प्राप्त प्रत्येक आवेदन को गंभीरता से लिया जाए। उन्होंने विभागवार वर्गीकरण कर नियमित निगरानी करने तथा लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निराकृत करने पर जोर दिया। उन्होंने यह भी कहा कि जहाँ संभव हो, समस्याओं का मौके पर ही समाधान कर नागरिकों को तत्काल राहत प्रदान की जाए। कृषि सुधार पर फोकस प्रभारी मंत्री ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही इस अभियान का मूल लक्ष्य है। उन्होंने राजस्व प्रकरणों जैसे नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन और त्रुटि सुधार के मामलों के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए, ताकि वर्षों से लंबित मामलों का तेजी से निराकरण हो सके। कृषि क्षेत्र पर विशेष ध्यान केंद्रित करते हुए मंत्री चौधरी ने अधिकारियों से किसानों को उन्नत और लाभकारी फसलों की ओर प्रेरित करने को कहा। उन्होंने योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाकर किसानों की आय बढ़ाने के प्रयासों पर जोर दिया। मंत्री ने विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्य करने की आवश्यकता पर भी बल दिया, ताकि योजनाओं का प्रभाव जमीनी स्तर पर दिखाई दे। बैठक में कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने जिले में चल रहे शिविरों, प्राप्त आवेदनों और उनके निराकरण की अद्यतन जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है और सभी विभागों को समय-सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। करही गोलीकांड में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग ग्राम करही में गोली मारकर की गई हत्या के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पीड़ित परिजनों ने मुलाकात कर रोते हुए न्याय की गुहार लगाई। परिजनों का कहना है कि घटना को 10 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है, जिससे पूरा परिवार भय के साए में जी रहा है। इस पर प्रभारी मंत्री ने परिजनों को सांत्वना देते हुए कहा कि पुलिस अधिकारियों को जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी कर कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। 4 मई को विधायक व्यास कश्यप का अनशन 4 मई को विधायक व्यास कश्यप कलेक्ट्रेट कार्यालय के सामने महात्मा गांधी की मूर्ति के पास अनशन पर बैठेंगे। उनका आरोप है कि विकास कार्यों में जांजगीर-चांपा विधानसभा क्षेत्र की उपेक्षा की जा रही है। इस पर वित्त मंत्री ने कहा कि जांजगीर-चांपा में सबसे अधिक विकास कार्य हुए हैं, जैसे मेडिकल कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज और नालादम परिसर। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस की सरकार होती, तो क्या इतने विकास कार्य संभव हो पाते।



Source link