झारखंड में मौसम इन दिनों स्थिर लेकिन ठंड बढ़ाने वाला बना हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार, अगले दो दिनों तक मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। राज्य के कई जिलों में सुबह और शाम हल्की धुंध छाई रहेगी, जबकि दिन में धूप हल्की लेकिन र
.
आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रहेगा, पर बारिश की कोई संभावना नहीं है। उत्तर-पश्चिम से आ रही ठंडी हवाओं ने सुबह-शाम की ठिठुरन बढ़ा दी है। मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि यह स्थिति 28 नवंबर तक ऐसे ही बनी रह सकती है। इस अवधि तक पूरे राज्य में शुष्क मौसम और रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी।
3-4 डिग्री तक गिर सकता है रात का तापमान
मौसम विभाग के मुताबिक, 25 नवंबर से झारखंड में ठंड का असर और बढ़ने वाला है। रात के तापमान में 3 से 4 डिग्री तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। 26 से 28 नवंबर के बीच सुबह के समय कई जिलों में धुंध और कोहरा छाने की संभावना है। ग्रामीण क्षेत्रों में यह ठंड अधिक महसूस होगी, जहां हवा की सनसनाहट पहले से बढ़ गई है। पिछले चार दिनों में न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी से लोगों को ठंड से कुछ राहत मिली थी।
लेकिन अब फिर से तेज सर्दी दस्तक देने वाली है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि हिमालय के ऊपरी क्षेत्रों में बर्फबारी शुरू होने से ठंडी हवाएं सीधे झारखंड की ओर बढ़ रही हैं, जिसका असर अगले कुछ दिनों में साफ दिखाई देगा। आज मौसम में किसी बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है। सुबह हल्का कोहरा, दोपहर में हल्की धूप और शाम में गुलाबी ठंड का एहसास बना रहेगा।
AQI लगातार खराब श्रेणी में शामिल
बढ़ती ठंड को देखते हुए मौसम विभाग ने खासकर बच्चों और बुजुर्गों को सतर्क रहने की सलाह दी है। सुबह-शाम घर से बाहर निकलते समय गर्म कपड़ों का उपयोग अनिवार्य बताया गया है। उधर, राज्य के प्रमुख शहरों का AQI अब भी खराब श्रेणी में बना हुआ है। जमशेदपुर का AQI 254, रांची का 222, धनबाद का 206 और पलामू का 190 रिकॉर्ड किया गया है।
तापमान की बात करें तो रांची में अधिकतम 25 और न्यूनतम 12 डिग्री, जमशेदपुर में 28/14 डिग्री, धनबाद में 28/13 डिग्री और पलामू में 28/11 डिग्री तापमान दर्ज हुआ। हवा की गुणवत्ता खराब होने से लोगों को सुबह की ठंड और धुंध का दोहरा असर झेलना पड़ रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक सावधानी बरतना बेहद जरूरी है।



