राज्य में ठंड ने असर तेज कर दिया है। मौसम केंद्र रांची की रिपोर्ट के अनुसार, प्रदेश में न्यूनतम तापमान लगातार नीचे जा रहा है। गुमला जिले में न्यूनतम तापमान 5.2°C रिकॉर्ड किया गया, जो पूरे राज्य में सबसे कम रहा। वहीं, चाईबासा में दिन का अधिकतम तापमान
.
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि उत्तर पाकिस्तान और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण वायुमंडलीय स्थितियों में बदलाव आया है। साथ ही दक्षिण–पूर्व बंगाल की खाड़ी से नमी युक्त हवाएं भी झारखंड के मौसम को प्रभावित कर रही हैं। जिससे लगातार गिरावट देखने को मिल रही है।
14 दिसंबर तक हावी रहेगा कोहरा
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन अगले तीन दिनों में पारा 2 से 3 डिग्री तक और गिर सकता है। यह गिरावट खासकर रांची, हजारीबाग, रामगढ़ और गिरिडीह में ज्यादा दिखेगी।
9 से 12 दिसंबर तक सुबह हल्का से मध्यम कोहरा और दिन में साफ मौसम रहने की संभावना जताई गई है। अधिकतम तापमान औसतन 24°C के आसपास और न्यूनतम तापमान 9–10°C के बीच रह सकता है।
पूर्वी, दक्षिणी और उत्तर–पूर्वी झारखंड में 14 दिसंबर तक कहीं भी बारिश की संभावना नहीं है। जमशेदपुर, दुमका, बोकारो, साहिबगंज, चाईबासा और रांची में सुबह धुंध रहेगी लेकिन दोपहर तक मौसम साफ हो जाएगा। गुमला, सिमडेगा और लातेहार में भी मौसम शुष्क रहेगा। उत्तर–पूर्व और उत्तर–पश्चिम जिलों में सिहरन अन्य इलाकों से अधिक महसूस होगी।
अभी और फिसलेगा राज्य का पारा
पूर्वानुमान में कहा गया है कि 13 और 14 दिसंबर को कोहरा और ठंड दोनों में बढ़ोतरी होगी। सुबह घना नहीं लेकिन दिखाई देने लायक कोहरा रहेगा और दिन में धूप निकलेगी। न्यूनतम तापमान में 1–2°C की और गिरावट संभव है।
जबकि अधिकतम तापमान 24°C के आसपास स्थिर रहेगा। कई जिलों में हवा की गति 6–8 किमी/घंटा रहने की उम्मीद है, जिससे सर्द हवाओं का असर और बढ़ेगा। मौसम विभाग ने लोगों को सुबह और देर शाम बाहर निकलते समय अधिक सतर्क रहने की सलाह दी है।