दुर्ग–रायपुर नेशनल हाईवे-53 पर स्थित कुम्हारी फ्लाईओवर में रूटीन मरम्मत कार्य के चलते दुर्ग से रायपुर की ओर जाने वाला फ्लाईओवर का ऊपरी मार्ग कुछ दिनों के लिए बंद रहेगा। यह फ्लाईओवर आज से अगले 8 दिनों तक, यानी 18 मार्च तक बंद रहेगा। फ्लाईओवर के नियमित तकनीकी निरीक्षण के दौरान इसमें कुछ मरम्मत कार्य की आवश्यकता पाई गई थी। इसी कारण सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए फ्लाईओवर के ऊपर से दुर्ग से रायपुर की ओर जाने वाले मार्ग को अस्थायी रूप से बंद करने का निर्णय लिया गया है। वाहनों को फ्लाईओवर के नीचे से गुजरना होगा इस दौरान दुर्ग से रायपुर की ओर जाने वाले सभी छोटे-बड़े वाहनों को फ्लाईओवर के नीचे बनी सर्विस लेन से गुजारा जाएगा। यानी वाहन फ्लाईओवर के ऊपर से नहीं जा पाएंगे, बल्कि नीचे वाले रास्ते से ही अपनी यात्रा जारी रखेंगे। इससे मरम्मत का काम भी आसानी से हो सकेगा और यातायात भी चलता रहेगा। तीन साल पहले ही शुरू हुई थी आवाजाही बता दें कि नेशनल हाईवे में कुम्हारी, डबरापारा, पावर हाउस और सुपेला में चार फ्लाईओवर बनाए गए हैं। इसके निर्माण में करीब 280 करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं। कुम्हारी फ्लाईओवर का नवंबर 2021 में निर्माण पूरा करने का लक्ष्य था, हालांकि 2023-24 में यह आवाजाही के लिए शुरू होने की जानकारी सामने आ रही है। इसके बीच-बीच में कई बार इसका मेंटेनेंस हो चुका है। तैनात रहेंगे ट्रैफिक पुलिस के जवान यातायात पुलिस ने बताया कि मरम्मत के दौरान सड़क पर सुरक्षा के पूरे इंतजाम किए जाएंगे। मौके पर ट्रैफिक पुलिस के अधिकारी और जवान तैनात रहेंगे, जो वाहन चालकों को सही रास्ता दिखाने के साथ ट्रैफिक को सुचारू बनाए रखने में मदद करेंगे। जहां जरूरत होगी वहां बैरिकेडिंग और संकेतक भी लगाए जाएंगे, ताकि लोगों को पहले से ही रास्ते की जानकारी मिल सके। हालांकि सर्विस लेन से यातायात चलने के कारण इस रूट पर थोड़ी धीमी गति से वाहन चलने की संभावना है। खासकर ऑफिस समय या शाम के वक्त ट्रैफिक थोड़ा ज्यादा हो सकता है। ऐसे में वाहन चालकों को सलाह दी गई है कि वे थोड़ा अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलें और जल्दबाजी से बचें।
Source link
कुम्हारी फ्लाईओवर आज से 18 मार्च तक बंद: 8 दिनों तक चलेगा मेंटेनेंस, वाहनों को नीचे से गुजरना होगा, 3 साल पहले बना था – durg-bhilai News
- Share



