सोनीपत जिले में बरोदा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव छिछड़ाना में एक युवक को उसके सगे भाई का पता ठिकाना पूछने के बहाने अगवा किया गया। जवाब न मिलने पर उसे बंधक बनाकर लोहे की रॉड व लात-घूसों से बेरहमी से पीटा गया। हमले में युवक का पैर टूट गया। उसे गंभीर हालत में PGIMS रोहतक में भर्ती कराया गया है। छिछड़ाना गांव के सुमित ने पुलिस को बताया कि 12 मार्च की रात करीब 8 बजे वह ड्रेन नंबर-8 के पास घूम रहा था। इसी दौरान गांव का ही जितेंद्र उर्फ भैरव अपनी मोटरसाइकिल लेकर आया। वह सुमित को अपनी बाइक पर बैठाकर जबरन अपने घर ले गया। सुमित ने बताया कि घर पहुंचते ही जितेंद्र ने अपने भाई प्रदीप का पता बताने का दबाव बनाया। जब सुमित ने बार-बार मना किया कि उसे प्रदीप के बारे में कुछ नहीं पता, तो जितेंद्र आग बबूला हो गया। आरोप है कि जितेंद्र नेलोहे के सरिये (रॉड) से सुमित के दाएं पैर पर जोर से वार किया। उसको लात-घूसों और थप्पड़ों से भी बुरी तरह पीटा गया। सुमित का कहना है कि उसे काफी देर तक घर में बंधक बनाकर रखा और जान से मारने की धमकी दी। जब सुमित काफी देर तक घर नहीं पहुंचा, तो उसके दोस्तों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजते हुए दोस्त जितेंद्र के घर पहुंचे और सुमित को वहां से छुड़वाकर तुरंत इलाज के लिए PGIMS रोहतक ले गए। हमले में सुमित का पैर फ्रैक्चर हो गया है और शरीर पर अन्य कई गंभीर चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही बरोदा थाना के हेड कांस्टेबल (HC) धर्मवीर अपनी टीम के साथ रोहतक पीजीआई पहुंचे। डॉक्टरों की रिपोर्ट के अनुसार, सुमित के शरीर पर कुल 5 चोटें पाई गई हैं। पैर में फ्रैक्चर के कारण डॉक्टरों ने ‘ऑर्थो ओपिनियन’ की राय दी है। पुलिस ने आरोपी जितेंद्र उर्फ भैरव के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 115(2) स्वेच्छा से चोट पहुंचाना, 127(1) गलत तरीके से बंधक बनाना और 351(3) जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज किया है।
Source link
सोनीपत में युवक को घर में बंधक बनाकर पीटा: भाई का पता न बताने पर पांव की हड्डी तोड़ी; दोस्तों ने छुड़वाया – Gohana News
- Share



