प्रतीकात्मक फोटो AI से जनरेट है।
पलवल में एक युवक ने लिफ्ट मांगने के बहाने बाइक चालक को झांसे में लेकर उसकी बाइक लेकर फरार हो गया। आरोपी ने पहले लिफ्ट मांगी, फिर बाइक चलाने की बात कहकर मालिक को बहाने से उतारा और मौके से चंपत हो गया। कैंप थाना पुलिस ने अज्ञात युवक के खिलाफ मामला दर्
.
लिफ्ट के बहाने बनाया शिकार
कैंप थाना प्रभारी कृष्ण गोपाल के अनुसार, हरिनगर पलवल निवासी सोनू मंगला ने शिकायत दी है कि वह किसी काम से अपनी एफजेड बाइक पर जा रहा था। रास्ते में एक युवक ने उससे बस स्टैंड तक लिफ्ट मांगी। सोनू ने उसे बाइक पर बैठा लिया। बस स्टैंड पहुंचने पर युवक ने कहा कि उसे रेलवे स्टेशन तक छोड़ दे। सोनू ने हामी भर दी और उसे रेलवे स्टेशन की ओर ले जाने लगा।
“एफजेड बाइक कभी नहीं चलाई” कहकर मांगी बाइक
शिकायत के अनुसार, रास्ते में आरोपी ने कहा कि उसने कभी एफजेड बाइक नहीं चलाई, इसलिए थोड़ी देर चलाकर देखना चाहता है। सोनू ने भरोसा कर बाइक उसे दे दी और खुद पीछे बैठ गया। आरोपी बाइक को नेशनल हाईवे-19 पर स्थित रसूलपुर चौक तक ले गया।
जूस वाले से पैसे दिलाने के बहाने फरार
रसूलपुर चौक पहुंचने पर आरोपी ने एक जूस वाले से कहा कि “इसे 100 रुपए दे देना।” सोनू जैसे ही बाइक से उतरकर जूस वाले से पैसे लेने गया, आरोपी बाइक लेकर मौके से फरार हो गया। सोनू ने शोर मचाया, लेकिन तब तक आरोपी बाइक लेकर दूर निकल चुका था।
पुलिस ने दर्ज किया केस, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही टीम
पीड़ित सोनू मंगला ने तुरंत कैंप थाना पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने अज्ञात युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी कृष्ण गोपाल ने बताया कि आरोपी की पहचान के लिए रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, हालांकि अभी तक आरोपी का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।



