मोतिहारी के चिरैया थाना क्षेत्र स्थित बहुआरवा चौक पर एक 19 साल की युवती मोबाइल टावर पर चढ़ गई। युवती की पहचान बहुआरवा गांव निवासी आलम देवान की पुत्री शबनम खातून के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपनी इच्छा के विरुद्ध तय की गई शादी से नाराज थी, जिसके कारण उसने यह कदम उठाया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। चिरैया थानाध्यक्ष महेश कुमार ने काफी मशक्कत के बाद युवती को सुरक्षित नीचे उतारा। इस दौरान टावर के आसपास भारी भीड़ जमा हो गई थी। बेटी मानसिक रूप से कमजोर – पिता परिजनों के अनुसार, शबनम की शादी हाल ही में तय की गई थी, जिससे वह खुश नहीं थी। युवती के पिता आलम देवान ने बताया कि उनकी बेटी मानसिक रूप से कमजोर है और सुबह से ही बेचैन थी। इसी कारण वह अचानक घर से निकलकर टावर पर चढ़ गई। हालांकि, ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि युवती का बैद्यनाथपुर गांव के एक युवक से प्रेम संबंध है। बताया जा रहा है कि पिछले कई दिनों से उससे मुलाकात न हो पाने के कारण वह परेशान थी। चेहरे को दुपट्टे से ढके हुए थी प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि युवती टावर पर चढ़कर अपने चेहरे को दुपट्टे से ढके हुए थी और नीचे उतरने से इनकार कर रही थी। पुलिस और स्थानीय लोगों के लगातार प्रयासों के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतारा जा सका। थानाध्यक्ष महेश कुमार ने जानकारी दी कि युवती से पूछताछ के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का पता चल पाएगा। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच कर रही है। युवती बोली- मुझे परेशान नहीं करें इस संबंध में जब युवती से बात करने का प्रयास किया गया तो उसने कुछ भी कहने से इनकार कर दिया। उसके पिता ने बताया कि वह मानसिक रूप से बीमार है, इसलिए उसे परेशान न किया जाए। उल्लेखनीय है कि हाल ही में 28 अप्रैल को भी बारा जयराम गांव में एक युवक कर्ज और प्रताड़ना से परेशान होकर मोबाइल टावर पर चढ़ गया था। उसे भी करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद सुरक्षित नीचे उतारा गया था।
Source link