भरोसा करके अपने पड़ोसी को साथ लेकर गया था- मंगल
कुरुक्षेत्र के पिहोवा में कैथल का युवक अपने बुजुर्ग पड़ोसी के 4 लाख रुपए लेकर फरार हो गया। बुजुर्ग उसे पड़ोसी होने के नाते भरोसा करके अपने साथ पैसे लेने के लिए अंबाला लेकर गया था। बुजुर्ग ने अपनी बेटी से गाड़ी खरीदने के लिए पैसे उधार लिए थे।
.
कैथल के माता गेट के रहने वाले मंगल (65) ने बताया कि वह हार्ट पेशेंट है और अक्सर बीमार रहता है। वह एक गाड़ी खरीदना चाहता था, ताकि गाड़ी को किराए पर देकर अपना गुजरा कर सके। इसलिए उसने अपनी बेटी से पैसे उधार लेने के लिए बातचीत की थी।
पड़ोसी को साथ लेकर चला
मंगल ने बताया कि उसकी बेटी मंजू खिजराबाद मोहाली में रहती थी। उसकी तबीयत को देखते हुए उसकी बेटी ने उसे 3 नवंबर को पैसे देने के लिए अंबाला बुलाया था। पैसे का मामला देखते हुए उसने अपने पड़ोसी और जानकार रिंकू निवासी सीवन को अपने साथ ले लिया। वे दोनों बस बैठकर अंबाला पहुंच गए।
4 लाख रुपए दिए
यहां उसकी बेटी मंजू ने उसे बैग में 4 लाख रुपए दिए। कुछ देर बातचीत के बाद उसकी बेटी अपनी ससुराल चली गई और वह अपने पड़ोसी रिंकू के साथ सिरसा जा रही हरियाणा रोडवेज की HR57GV5869 बस में बैठकर कैथल के लिए वापस चल दिए। उनको बैठने के लिए अलग-अलग सीट मिली थी।
पिहोवा बस स्टैंड से हुआ फरार पैसे वाला बैग उसके पड़ोसी रिंकू के पास ही था। शाम करीब 5 बजे बस पिहोवा बस स्टैंड पर आकर रुक गई। इसी दौरान रिंकू लापता हो गया। कुछ देर बाद बस चल पड़ी, मगर रिंकू वापस नहीं आया। उसने उसकी सीट जाकर बैग चेक किया तो उसमें 4 लाख रुपए नहीं थे।
घर जाकर पता किया
खाली बैग देखकर उसके होश उड़ गए। कैथल पहुंचकर वह अपने पड़ोसी रिंकू के घर गया। यहां उसकी मां से उसने बातचीत की। उसकी मां ने बताया कि रिंकू घर नहीं रहता है। उसने अपने लेवल पर रिंकू की कई जगह पर तलाश की, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल सका।
पोपलर बेचकर दिए थे पैसे
मंगल ने बताया कि उसकी बेटी मंजू ने पोपलर के पेड़ बेचकर उसे 4 लाख रुपए उधार दिए थे। उधर, मंगल ने मामले की शिकायत थाना सिटी पिहोवा पुलिस को दी है। शिकायत के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है।



