कैथल में तीन आरोपियों ने एक युवक को विदेश भेजने के नाम पर 11 लाख रुपए हड़प लिए। आरोपियों ने उसे ऑस्ट्रेलिया भेजने का झांसा दिया था। उसे इंडोनेशिया भेजकर ऑस्ट्रेलिया का नकली वीजा दे दिया। जब जांच करवाई तो वह फर्जी पाया गया। इस संबंध में युवक ने पुलिस क
.
पढ़ाई करने सिंगापुर गया
ढांड निवासी सोहन लाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह साल 2022 में सिंगापुर पढ़ने के लिए गया था और अपनी पढ़ाई सही तरीके से कर रहा था। दिसंबर 2023 में उसकी व्हाट्सएप के माध्यम से होशियारपुर पंजाब निवासी साहिल कुमार कैथ, गांव परौली रावतपुर कानपुर यूपी निवासी दीपेंद्र सिंह व दिल्ली के कासिम मोहम्मद से बातचीत हुई। तीनों व्यक्तियों ने उसे कहा कि वे युवकों को विदेश में भेजने का काम करते हैं और उसे सिंगापुर से ऑस्ट्रेलिया भेज देंगे। इसके लिए आरोपियों ने 12 लाख रुपए मांगे।
परिवार से कागज व रुपए लिए
जनवरी 2024 को तीनों व्यक्तियों ने ढांड में आकर उसके पिता से बातचीत की और पूरा आश्वासन दिया कि वे सोहन लाल को सिंगापुर से एक नम्बर में ऑस्ट्रेलिया भेज देंगे। आरोपियों ने परिवार से उसके पासपोर्ट की कॉपी व तीन लाख रुपए ले गए। जब आरोपियों ने और रुपए मांगे तो परिवार ने उनको आठ लाख रुपए खातों में भेज दिए। कुछ समय बाद आरोपियों ने उसके पास ऑस्ट्रेलिया का वीजा भेजा।
10 दिन इंडोनेशिया में रखा
वह वीजा पर विश्वास करके 13 जनवरी 2024 को सिंगापुर से इंडोनेशिया चला गया। आरोपियों ने वहां पर उसे करीब 10 दिन रखा। जब उसने इंडोनेशिया एंबेसी को वीजा दिखाया तो वह वीजा फर्जी पाया गया। 24 जनवरी को वह भारत वापस आ गया। शिकायतकर्ता ने कहा कि ऐसा करके आरोपियों ने उसके साथ 11 लाख रुपए लेकर धोखाधड़ी की है।
ढांड थाना के जांच अधिकारी राजेंद्र ने बताया कि मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।



