राजधानी रांची सहित राज्य भर के मौसम में उतार-चढ़ाव हो रहा है। कभी ठंड बढ़ रही है तो कभी तापमान बढ़ने से गर्मी महसूस हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 3 दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे (3-4) डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है।
.
वहीं, मंगलवार को सुबह में कोहरा या धुंध बाद में आंशिक बादल छा सकते हैं। तापमान में गिरावट के बाद पांच दिसंबर से कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना भी जताई जा रही है।
इधर, सोमवार को सुबह से आसमान में बादल छाए रहे। कई स्थानों पर हल्की बूंदा-बांदी भी हुई। दिन भर लोग धूप के लिए तरसते नजर आए।
गुमला में ठंड से बचने के लिए अलाव सेंकते लोग।
सबसे अधिक अधिकतम तापमान चाईबासा में रिकॉर्ड
वहीं, पिछले 24 घंटे में राज्य में मौसम शुष्क रहा। सबसे अधिक अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस चाईबासा में जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 10.3 डिग्री सेल्सियस गुमला में दर्ज किया गया।

5 डिग्री तक जा सकता है कांके और मैक्लुस्कीगंज का पारा
इधर, मौसम विभाग के अनुसार, मौसम में फिर बड़ा उलटफेर होने के आसार हैं। क्योंकि, न्यूनतम तापमान में 3-4 डिग्री तक की गिरावट की संभावना है। तीन से पांच दिसंबर के बीच कड़ाके की ठंड पड़ सकती है।
रांची का न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस के नीचे पहुंच सकता है। रांची के मैक्लुस्कीगंज और कांके का पारा 5 डिग्री तक पहुंच सकता है। अगले दो दिनों के दौरान पश्चिमी विक्षोभ का भी असर दिखेगा।

जामताड़ा में सुबह हल्का कोहरा छाया रहा।
गर्म कपड़े पहन कर ही ठंड में बाहर निकलें
झारखंड में मौसम में हो रहे उतार चढ़ाव और ठंड को देखते हुए नेशनल हेल्थ मिशन की ओर से एडवाइजरी जारी की गई है। इसमें कहा गया है कि गर्म कपड़े पहनकर ही घर से बाहर निकले। पर्याप्त भोजन करके ही घर से निकले।
शीत लहर के समय फ्लू चलना, सर्दी-खांसी, जुकाम के लक्षण हो जाने पर स्थानीय स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं या चिकित्सक से संपर्क करें। नियमित रूप से गर्म पानी का सेवन करें। ठंड से बेहोशी की स्थिति होने या जबान लड़खड़ाने पर बिना देर किए डॉक्टर से संपर्क करें।