धमतरी में हनुमान मंदिर में तोड़फोड़: हिंदू संगठनों ने थाने का घेराव किया, आरोपियों के सख्त कार्रवाई की मांग की – Dhamtari News




छत्तीसगढ़ के धमतरी में हनुमान मंदिर में तोड़फोड़ के बाद बवाल मच गया। हिंदू संगठनों ने कोतवाली थाने का घेराव कर अज्ञात आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। संगठनों ने बुधवार शाम तक गिरफ्तारी न होने पर गुरुवार को फिर से थाने का घेराव करने की चेतावनी दी है। यह घटना कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत पुरानी कृषि उपज मंडी के अंदर स्थित हनुमान मंदिर में हुई। तोड़फोड़ की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में हिंदू संगठन के लोग मौके पर और फिर कोतवाली थाने पहुंचे। उन्होंने जमकर नारेबाजी की और अज्ञात व्यक्ति को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। हिंदू जागरण मंच के संयोजक पुरुषोत्तम निषाद ने बताया कि पुरानी कृषि उपज मंडी में हनुमान जी की मूर्ति को अज्ञात व्यक्ति ने क्षत-विक्षत कर दिया है। मंदिर में रखे अस्त्र-शस्त्र भी इधर-उधर फेंक दिए गए थे। यह घटना मंगलवार को नवरात्रि पर्व के दौरान हुई है, जिससे सनातन समाज के युवा काफी आक्रोशित हैं। अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज निषाद ने इस मामले में कोतवाली थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। उन्होंने थाना प्रभारी को बुधवार शाम तक आरोपी को गिरफ्तार करने का समय दिया है। चेतावनी दी गई है कि यदि बुधवार शाम तक गिरफ्तारी नहीं होती है, तो गुरुवार को हिंदू समाज के लोग थाने का घेराव करने को मजबूर होंगे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इस तरह की घटनाएं बार-बार हो रही हैं। कड़ी कार्रवाई की मांग हिंदू जागरण मंच के सह-संयोजक चित्रेश साहू ने बताया कि मंदिर में प्रतिदिन पूजा करने वाले एक व्यक्ति ने तोड़फोड़ की सूचना दी थी। सूचना मिलने पर संगठन के सदस्य मौके पर पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया। शहर में लगातार ऐसी घटनाओं के सामने आने का जिक्र करते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की।



Source link