गिरिडीह नगर निगम सफाई कर्मियों की रैली: 12 सितंबर से हड़ताल की चेतावनी, नियमितीकरण समेत 6 मांगें रखीं – Giridih News



झारखंड लोकल बॉडीज फेडरेशन के बैनर तले गिरिडीह में नगर निगम के सफाई कर्मचारियों ने गुरुवार को आक्रोश रैली निकाली। सैकड़ों कर्मचारियों ने शहर भर में रैली निकालकर निगम कार्यालय तक मार्च किया।

.

कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में दैनिक वेतनभोगी और आउटसोर्सिंग कर्मियों का नियमितीकरण शामिल है। वे चाहते हैं कि मध्यप्रदेश की तरह झारखंड में भी नियमितीकरण प्रक्रिया शुरू हो। नियमित कर्मियों को पेंशन, ग्रेच्युटी और बीमा का भुगतान सुनिश्चित करने की मांग भी की गई।

मृत दैनिक वेतनभोगी कर्मियों के आश्रितों को नियुक्ति देने की मांग भी उठाई गई

कर्मचारियों ने वेतन और पेंशन स्थापना मद का समय पर आवंटन की मांग रखी। साथ ही राज्य सरकार के साथ हुए पिछले इकरारनामे को तुरंत लागू करने पर जोर दिया। मृत दैनिक वेतनभोगी कर्मियों के आश्रितों को नियमानुसार नियुक्ति देने की मांग भी उठाई गई।

फेडरेशन के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी है कि अगर मांगें नहीं मानी गईं तो 12 सितंबर से गिरिडीह नगर निगम के 200 सफाई कर्मचारी हड़ताल पर चले जाएंगे। इससे शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित होगी। फेडरेशन ने कहा कि मांगों की अनदेखी जारी रही तो राज्य स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। इसमें चरणबद्ध तरीके से अनिश्चितकालीन हड़ताल तक की योजना है।



Source link