राज्य में 18 से 22 नवंबर तक अधिकांश जिलों में सुबह के समय हल्के से मध्यम स्तर तक कोहरा छाने का अनुमान है। रांची, बोकारो, गिरिडीह, हजारीबाग, रामगढ़, धनबाद और अन्य जिलों में सुबह दृश्यता प्रभावित रहेगी।
.
मौसम केंद्र रांची के अनुसार, कोहरे के बाद आसमान सामान्य रूप से साफ रहेगा और दिन में धूप निकलेगी। इस दौरान न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री तक की गिरावट दर्ज हो सकती है।
19, 20 और 21 नवंबर को भी यही मौसम पैटर्न बने रहने का अनुमान है। दिन में धूप खिली रहेगी। उत्तरी और दक्षिणी झारखंड के कई जिलों में मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा।
22 नवंबर को भी अधिकांश हिस्सों में ठंड में हल्की बढ़ोतरी के साथ साफ मौसम बना रहेगा। रांची में दिन का तापमान 27 से 28 डिग्री और न्यूनतम 12 से 14 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है।
23 और 24 नवंबर को बदल सकता है मौसम
मौसम विभाग ने 23 और 24 नवंबर के लिए खास तौर पर चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि इन दो दिनों में राज्य के कई इलाकों में सुबह घना कोहरा और धुंध छाई रह सकती है। इसके बाद आसमान में आंशिक बादल दिखाई दे सकते हैं। उत्तरी-पश्चिमी हवाओं के सक्रिय होने से रात का तापमान और गिर सकता है।
पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, पलामू, गुमला, चतरा, गढ़वा, कोडरमा और देवघर जैसे जिलों में मौसम इसी तरह बने रहने की संभावना है। हालांकि बारिश का कोई पूर्वानुमान नहीं है।
विभाग ने लोगों को सुबह यात्रा के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है, खासकर हाईवे और ग्रामीण सड़कों पर जहां कोहरे से दृश्यता कम हो सकती है। कुल मिलाकर, राज्य में अगले सप्ताह तक मौसम शुष्क लेकिन सुबह-शाम ठंडा और कोहरे से प्रभावित रहने वाला है।
अगले पांच दिन 27 से 32 डिग्री के बीच रहेगा अधिकतम तापमान
मौसम विज्ञान केंद्र की रिपोर्ट बता रही है कि अगले पांच दिन राज्यभर में दिन का तापमान लगभग स्थिर रहेगा। देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज जैसे उत्तर-पूर्वी जिलों में अधिकतम तापमान 29 से 31 डिग्री के बीच दर्ज होने का अनुमान है।
इसी तरह धनबाद और गिरिडीह में पांच दिनों तक अधिकतम तापमान 28 से 29 डिग्री पर बना रहेगा। उत्तर-पश्चिमी भाग में कोडरमा, चतरा, गढ़वा और लातेहार में तापमान 27 से 30 डिग्री के बीच रहेगा।
पलामू में 29 से 30 डिग्री तक गर्मी महसूस होगी, जबकि लोहरदगा और लातेहार में तापमान थोड़ा कम रहने की संभावना है। रांची, बोकारो, हजारीबाग, रामगढ़ और खूंटी में दिन का तापमान लगातार 27 से 28 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। दक्षिणी जिलों ईस्ट सिंहभूम, पश्चिम सिंहभूम और सिमडेगा में तापमान 29 से 31 डिग्री तक रिकॉर्ड होने की संभावना है।



