धनबाद के चिरकुंडा थाना क्षेत्र में अवैध मांगुर मछली के कारोबार में वर्चस्व को लेकर रविवार सुबह गोलीबारी की घटना सामने आई है। अज्ञात अपराधियों ने विवेकानंद कॉलोनी निवासी व्यवसायी रौशन बर्णवाल को निशाना बनाते हुए उनके घर के बाहर खड़ी ऑटो पर फायरिंग कर दी। अपराधियों ने दो राउंड गोलियां चलाईं, जिससे ऑटो क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। स्थानीय लोग इस घटना को लेकर काफी चिंतित हैं और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं। मौके से मिले खोखे, परिवार ने मांगी सुरक्षा घटना की सूचना मिलते ही चिरकुंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने घटनास्थल से दो खाली खोखे बरामद किए और क्षतिग्रस्त ऑटो को जब्त कर थाने ले गई। पीड़ित व्यवसायी के पिता ने थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए परिवार की सुरक्षा की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल इलाके में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है। सियासी बयान के बाद बढ़ी हलचल यह घटना ऐसे समय में सामने आई है जब एक दिन पहले ही निरसा के विधायक अरूप चटर्जी ने प्रेसवार्ता कर क्षेत्र में मांगुर मछली, बालू, लोहा, कोयला और लॉटरी जैसे अवैध कारोबारों के संचालन को लेकर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने पुलिस पर मिलीभगत का भी आरोप लगाया था, जिससे पहले ही माहौल गर्म था। ताजा गोलीबारी की घटना ने इन आरोपों को और हवा दे दी है। लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं से धनबाद की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है, लेकिन अपराधियों के बढ़ते मनोबल को लेकर आम लोगों में भय और असुरक्षा की भावना बनी हुई है।
Source link