मोतिहारी में सोमवार की सुबह मस्जिद के पास डीजे बजाने को लेकर दो समुदाय आमने-सामने आ गए। सुबह 11 बजे विष्णु महायज्ञ के तहत कलश यात्रा निकाली जा रही थी। इसी दौरान DJ पर भक्ती गीत बजाने को लेकर दूसरा समुदाय भड़क गया।
.
लाठी-डंडा लेकर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। दोनों पक्षों में बढ़ते तनाव को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। साथ ही DM-SP मौके पर पहुंचकर स्थिति को शांत कराने में जुटे हैं। घटनास्थल पर करीब 100 से ज्यादा पुलिसबल तैनात किया गया है।
घटनास्थल से जुड़ी तस्वीरें देखिए…


महा यज्ञ को लेकर निकाली जा रही थी कलश यात्रा
जानकारी के अनुसार, पूरा मामला पचपकड़ी थाना क्षेत्र के भंडार गांव स्थित साहू मठ का है। यहां विष्णु महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। इसी आयोजन के तहत सोमवार को कलश यात्रा निकाली जा रही थी। इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए थे। पूरे इलाके में उत्सव जैसा माहौल था।
कलश यात्रा में महिलाएं सिर पर कलश लेकर चल रही थीं, वहीं युवा वर्ग डीजे और बैंड-बाजे के साथ शोभा यात्रा को भव्य रूप देने में जुटा था। यात्रा भंडार से निकलकर बेलवा घाट की ओर बढ़ रही थी।
मस्जिद के पास डीजे बंद करने पर बनी थी सहमति
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, शोभा यात्रा से पहले दोनों समुदायों के बीच शांति व्यवस्था बनाए रखने को लेकर बैठक आयोजित की गई थी। इस बैठक में यह सहमति बनी थी कि यात्रा जब बेलवा घाट के रास्ते में पड़ने वाली मस्जिद के पास से गुजरेगी, तब वहां डीजे नहीं बजाया जाएगा, ताकि किसी भी प्रकार की असहज स्थिति उत्पन्न न हो।
दोनों पक्षों ने इस समझौते पर सहमति जताई थी। प्रशासन ने भी इसे लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए थे।
सहमति टूटते ही भड़का विवाद
हालांकि, जब शोभा यात्रा मस्जिद के पास पहुंची, तो उसमें शामिल कुछ लोगों ने डीजे बंद नहीं किया। इसी बात को लेकर दूसरे पक्ष के लोग नाराज हो गए। उन्होंने इसका विरोध जताते हुए सड़क जाम कर दिया। देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई। दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। शुरुआत में लाठी-डंडा लेकर दूसरा समुदाय मौके पर पहुंच गया। 2 घंटे से हंगामा जारी है। हालांकि, मौके पर पहुंचे DM-SP ने मामले को शांत करवाने की कोशिश की।
डीएम-एसपी खुद संभाल रहे मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल और पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात मौके पर पहुंच गए। उनके साथ कई डीएसपी, एसडीओ और अन्य अधिकारी भी मौजूद हैं। अधिकारी लगातार दोनों पक्षों से बातचीत कर स्थिति को सामान्य करने की कोशिश कर रहे हैं।
प्रशासन का कहना है कि शांति व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है और किसी भी तरह की अफवाह या उकसावे पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।